भारत का समुद्री खाद्य निर्यात वैश्विक मार्केट की अनिश्चितताओं को लांघकर अब तक के नए शिखर पर पहुंच गया। भारत का समुद्री खाद्य निर्यात 2025-26 में मात्रा और मूल्य के मामले में शीर्ष पर पहुंच गया।
समुद्री खाद्य निर्यात प्राधिकरण के मंगलवार को जारी आंकड़े के अनुसार देश ने इस वित्तीय वर्ष में 19.72 लाख टन समुद्री खाद्य का निर्यात किया। इसका मूल्य 73,890.46 करोड़ रुपये (8.46 अरब डॉलर) था। यह मात्रा पिछले वर्ष की तुलना में 16.13 प्रतिशत और मूल्य 18.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
अमेरिका और चीन भारतीय समुद्री खाद्य के प्रमुख आयातक बने रहे। भारत के समुद्री खाद्य निर्यात में फ्रोजन झींगा की हिस्सेदारी 7,92,647 थी और इसकी कुल समुद्री निर्यात के मूल्य में करीब दो तिहाई हिस्सेदारी थी।
समुद्री खाद्य निर्यात के कुल निर्यात में फ्रोजन झींगा की हिस्सेदारी 40.19 प्रतिशत और अमेरिकी डॉलर अर्जित करने में हिस्सेदारी 66.52 प्रतिशत थी। इस अवधि में झींगा निर्यात मात्रा में 6.89 प्रतिशत, रुपये के मूल्य के मामले में 13.16 प्रतिशत और डॉलर के मूल्य में 8.64 प्रतिशत बढ़ा।