अर्थव्यवस्था

बेरोजगारी में हल्की राहत, फरवरी में आंकड़ा 4.9% पर आया

महिलाओं के लिए आई राहत, बेरोजगारी दर में दिखी गिरावट

Published by
हिमांशी भारद्वाज   
Last Updated- March 17, 2026 | 8:36 AM IST

भारत में फरवरी महीने में बेरोजगारी दर मामूली घटकर 4.9 प्रतिशत पर आ गई है, जो जनवरी में 5 प्रतिशत थी। सर्दियों की सुस्ती के बाद शहरी इलाकों में भर्ती की गतिविधियां बढ़ने के कारण ऐसा हुआ है। सोमवार को राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वार जारी मासिक आवधिक श्रम बल सर्वे (पीएलएफएस) के आंकड़ों से यह सामने आया है।

एनएसओ के मुताबिक फरवरी में मौजूदा साप्ताहिक स्थिति (सीडब्ल्यूएस) के आधार पर शहरी बेरोजगारी दर 6.6 प्रतिशत रही, जो इसके पहले महीने में 7 प्रतिशत थी। ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी दर फरवरी में यथावत 4.2 प्रतिशत बनी रही।

फरवरी 2026 में महिलाओं में कुल बेरोजगारी दर घटकर 5.1 प्रतिशत रह गई जबकि जनवरी, 2026 में यह 5.6 प्रतिशत थी। शहरी महिलाओं की बेरोजगारी दर जनवरी, 2026 के 9.8 प्रतिशत से घटकर फरवरी, 2026 में 8.7 प्रतिशत रह गई, जबकि ग्रामीण महिलाओं की बेरोजगारी दर इसी अवधि में 4.3 प्रतिशत से घटकर चार प्रतिशत हो गई।

पुरुषों में कुल बेरोजगारी दर 4.8 प्रतिशत पर स्थिर रही। सर्वे के अनुसार समग्र श्रम बल सहभागिता दर (एलएफपीआर) फरवरी, 2026 में 55.9 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रही जो जनवरी 2026 के बराबर है। ग्रामीण क्षेत्रों में एलएफपीआर फरवरी, 2026 में 58.7 प्रतिशत रही जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 50.4 प्रतिशत आंकी गई जो जनवरी, 2026 के 50.3 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है।

First Published : March 17, 2026 | 8:36 AM IST