चुनाव

विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, बंगाल में शुभेंदु अधिकारी CM रेस में सबसे आगे

तमिलनाडु में बहुमत के लिए TVK की जोड़तोड़ तेज, बंगाल में 9 मई को BJP सरकार का शपथ ग्रहण संभव

Published by
अर्चिस मोहन   
Last Updated- May 07, 2026 | 8:54 AM IST

अभिनेता से राजनेता बने विजय की तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी, लेकिन सरकार बनाने के लिए उसे 10 सीटें कम पड़ गईं। अब बहुमत जुटाने के लिए उसे संघर्ष करना पड़ रहा है। पांच सीटों पर जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया है, लेकिन उसकी सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने कहा कि वह विजय की पार्टी का समर्थन नहीं करेगी। उसके दो विधायक हैं। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने कहा कि वह तमिलनाडु में सरकार बनाने में विजय की अगुआई वाली टीवीके को समर्थन नहीं देगी। पार्टी ने कहा कि उसने अब तक किसी भी परिस्थिति में टीवीके के साथ जाने का फैसला नहीं किया है। तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने बुधवार को 16वीं विधान सभा को 5 मई से प्रभावी रूप से भंग कर दिया। टीवीके प्रमुख विजय ने बुधवार को तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। विधान सभा चुनावों में टीवीके ने 108, डीएमके ने 59, एआईएडीएमके ने 47, कांग्रेस ने 5, पीएमके ने 4, आईयूएमएल ने 2, सीपीआई ने 2, वीसीके ने 2, सीपीआई-एम ने 2 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा, डीएमडीके और एएमएमके को 1-1 सीट पर जीत मिली है।

बंगाल में शुभेंदु प्रमुख दावेदार

पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत के साथ जीत कर आई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का शपथग्रहण समोराह 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। इससे पहले 8 मई की शाम को नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई गई है। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा और राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधान सभा का कार्यकाल बुधवार शाम को समाप्त हो गया, जिससे यह एक विवादास्पद बिंदु बन गया है कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी अपना इस्तीफा भेजती हैं या नहीं। सूत्रों ने कहा कि यह परंपरा है कि निवर्तमान मुख्यमंत्री राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के लिए लोक भवन जाते हैं और यह संविधान के तहत अनिवार्य नहीं है।

पुदुच्चेरी: एन. रंगास्वामी तैयारी में जुटे

पुदुच्चेरी में उपराज्यपाल के. संगांरूपीनाथन ने 15वीं विधान सभा को 5 मई को भंग कर दिया। यहां एआईएनआरसी के नेतृत्व में राजग ने शानदार जीत दर्ज की है। एआईएनआरसी प्रमुख एन. रंगास्वामी 5वीं बार पुदुच्चेरी का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।

केरल: करुणाकरण के शिष्यों में होड़

केरल में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के साथ-साथ उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ दिया है। यहां मुख्यमंत्री पद की दौड़ कांग्रेस नेता वीडी सतीशन, के. सी. वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के बीच है। तीनों ही दिवंगत कांग्रेस दिग्गज और पूर्व मुख्यमंत्री करुणाकरण के शिष्य हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने दस साल बाद सत्ता से वाम लोकतांत्रिक मोर्चे को बेदखल करते हुए 102 सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं मुकुल वासनिक और अजय माकन को केरल के लिए पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

असम: 11 के बाद शपथ ग्रहण

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ इस्तीफा दे दिया जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 126 सदस्यीय विधान सभा में 102 सीटें जीती हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘असम चुनाव 2026 के परिणामों की औपचारिक अधिसूचना के बाद और नई सरकार के गठन को सुगम बनाने के लिए डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया और साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी इस्तीफा सौंप दिया।’लोक भवन के बाहर हिमंत ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है। (साथ में एजेंसियां)

First Published : May 7, 2026 | 8:54 AM IST