Representative image
Bank Holidays: मार्च के आखिरी और अप्रैल की शुरुआत में देश के अलग-अलग राज्यों में बैंक कई दिनों तक बंद रह सकते हैं। यह छुट्टियां महावीर जयंती और गुड फ्राइडे जैसे त्योहारों के कारण होंगी। इस दौरान रविवार की साप्ताहिक छुट्टी भी शामिल है। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें।
31 मार्च को महावीर जयंती के मौके पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। वहीं 30 मार्च को कर्नाटक में भी इस कारण बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी।
वित्त वर्ष के कारण भी बंद रहेंगी शाखाएं- 1 अप्रैल को वार्षिक लेखा समापन के चलते कई राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं। इस दिन बैंक अपने वित्तीय कामकाज को अंतिम रूप देते हैं।
केरल में मौंडी थर्सडे की छुट्टी- 2 अप्रैल को मौंडी थर्सडे के कारण केरल में बैंक बंद रहेंगे।
गुड फ्राइडे पर देशभर में असर- 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के चलते देश के अधिकतर हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश- 5 अप्रैल को रविवार होने के कारण सभी बैंक बंद रहेंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंक छुट्टियों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाता है। इनमें नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत छुट्टियां, आरटीजीएस छुट्टियां और खातों के बंद होने से जुड़ी छुट्टियां शामिल हैं। कुछ छुट्टियां पूरे देश में लागू होती हैं, जबकि कई छुट्टियां राज्यों के अनुसार अलग-अलग होती हैं।
हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं। पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक खुले रहते हैं। हर रविवार को सभी बैंक बंद रहते हैं।
बैंक बंद रहने के बावजूद ऑनलाइन सेवाएं जारी रहती हैं। ग्राहक यूपीआई, नेट बैंकिंग, पैसे ट्रांसफर, लोन के लिए आवेदन और चेकबुक जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। लगातार छुट्टियों को देखते हुए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरा कर लें, ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो।