बीमा

Aviva Life का बड़ा लक्ष्य: 5 साल में न्यू बिजनेस प्रीमियम ₹1,000 करोड़ पहुंचाने की तैयारी

बीमा कंपनी डिजिटल काम करने वाली संस्थाओं के साथ साझेदारी बढ़ाने के साथ बचत उत्पादों के लिए अपने मालिकाना चैनलों पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है

Published by
आतिरा वारियर   
Last Updated- May 26, 2026 | 11:03 PM IST

अवीवा लाइफ इंश्योरेंस ने अगले 5 वर्षों में अपना सालाना न्यू बिजनेस प्रीमियम (एनबीपी) मौजूदा 350 करोड़ रुपये से 3 गुना बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य बनाया है। कंपनी केप्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) असित रथ ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया कि इसके लिए अधिक ग्राहक पाने और सुरक्षा उत्पादों पर अधिक ध्यान देने की कवायद की जाएगी।

इस समय बीमा कंपनी के लगभग 3.5 लाख ग्राहक हैं । कंपनी ग्राहक जोड़ने की सालाना संख्या को वर्तमान के लगभग 25,000 से बढ़ाकर पहले 50,000 और  फिर 75,000 और अंततः 1 लाख ग्राहक प्रति वर्ष तक ले जाने की योजना बना रही है।

रथ ने कहा कि कंपनी अपने खर्चों में मितव्ययिता और निरंतरता में सुधार पर जोर दे रही है। इसने 25 से 40 साल की उम्र के ग्राहकों को अपने लक्ष्य में शामिल किया है, जिन्हें सुरक्षा और दीर्घावधि बचत की जरूरत है।

बीमा कंपनी डिजिटल काम करने वाली संस्थाओं के साथ साझेदारी बढ़ाने के साथ बचत उत्पादों के लिए अपने मालिकाना चैनलों पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। रथ ने कहा, ‘सुरक्षा के लिए, हम विभिन्न संस्थानों, विशेष रूप से नई पीढ़ी की डिजिटल कंपनियों के साथ साझेदारी करने को इच्छुक हैं और बचत के लिए हम अपने मालिकाना चैनलों पर अधिक ध्यान केंद्रित करेंगे।’

इस समय कंपनी के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में बैंकाश्योरेंस, एजेंसी और डायरेक्ट चैनलों की बराबर हिस्सेदारी है।

First Published : May 26, 2026 | 10:59 PM IST