BJP New President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) में नए अध्यक्ष को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बार पार्टी बड़ा बदलाव कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी पहली बार किसी महिला नेता को पार्टी की कमान सौंप सकती है।
दरअसल, मौजूदा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में ही खत्म हो चुका था, लेकिन उन्हें जून 2024 तक पद पर बने रहने के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। अब पार्टी जल्द ही नए अध्यक्ष का नाम घोषित कर सकती है।
महिला अध्यक्ष को लेकर चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि पार्टी ने हाल के चुनावों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे बड़े राज्यों में अच्छा प्रदर्शन किया है। साथ ही, महिलाओं को जोड़ने की रणनीति के तहत दिल्ली में महिला को मुख्यमंत्री चेहरा भी बनाया गया। अब इसी रणनीति के तहत महिला को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की तैयारी हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अध्यक्ष पद की दौड़ में ये हैं दक्षिण भारत की तीन मजबूत दावेदारें
देश की मौजूदा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भारतीय जनता पार्टी में एक सशक्त और प्रभावशाली चेहरा बन चुकी हैं। उनके पास केंद्र सरकार में काम करने का लंबा अनुभव है। हाल ही में उन्होंने भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। दक्षिण भारत से आने वाली सीतारमण की छवि पार्टी के दक्षिण में विस्तार के लिए बेहद मददगार मानी जा रही है। इसी वजह से उनका नाम भाजपा अध्यक्ष पद की रेस में जोर-शोर से लिया जा रहा है।
वनाथी श्रीनिवासन तमिलनाडु के कोयंबटूर दक्षिण से विधायक हैं और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वे 1993 से पार्टी से जुड़ी हुई हैं और संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वनाथी का लंबे समय तक संगठन से जुड़े रहना और उनकी साफ-सुथरी छवि उन्हें अध्यक्ष पद की दौड़ में एक मजबूत उम्मीदवार बनाता है।
डी. पुरंदेश्वरी आंध्र प्रदेश भाजपा की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं और उन्हें संगठनात्मक अनुभव के लिए जाना जाता है। वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों का भी हिस्सा रही हैं। पार्टी में उनका कद और विश्वास इस बात की ओर इशारा करता है कि भाजपा अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम पर भी गंभीरता से विचार किया जा सकता है।
इन तीन नामों में से किसी एक पर पार्टी की मुहर लग सकती है। अगर ऐसा होता है, तो बीजेपी के इतिहास में पहली बार कोई महिला नेता पार्टी की कमान संभालेगी।
भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले पार्टी को ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर अध्यक्षों का चुनाव करना जरूरी होता है। इसी प्रक्रिया के तहत सोमवार को पुडुचेरी और मिजोरम में भाजपा ने नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए। मंगलवार को महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा हुआ।
पार्टी ने पिछले साल से आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू की थी और अब तक देश के 28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी कर चुकी है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चयन जरूरी होता है। हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा में कुछ देरी हो सकती है। इसकी वजह यह है कि फिलहाल पार्टी का ध्यान उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों पर केंद्रित है। इन चुनावों के बाद ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर सकती है।
मुंबई से हैदराबाद तक बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव हो रहे हैं। महाराष्ट्र से लेकर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश तक पार्टी ने नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं, वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर भी आरएसएस और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच मंथन शुरू होने वाला है।
महाराष्ट्र:
पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण को राज्य बीजेपी अध्यक्ष चुना गया है। मुंबई में हुई पार्टी की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी दी गई।
मध्य प्रदेश:
मध्य प्रदेश बीजेपी को बुधवार को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल को पार्टी ने निर्विरोध रूप से प्रदेश अध्यक्ष चुना है। उन्होंने खजुराहो सांसद वीडी शर्मा की जगह ली है, जो बीते पांच साल से ज्यादा समय तक इस पद पर रहे।
उत्तराखंड:
महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष, एक बार फिर उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष चुने गए। सोमवार को सिर्फ उन्होंने ही नामांकन दाखिल किया था।
हिमाचल प्रदेश:
राजीव बिंदल, जो पांच बार विधायक रह चुके हैं, को एक बार फिर हिमाचल प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह भी निर्विरोध चुने गए।
तेलंगाना:
पूर्व एमएलसी और एबीवीपी से जुड़े वरिष्ठ नेता एन. रामचंदर राव को तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने गृह मंत्री किशन रेड्डी की जगह ली है।
आंध्र प्रदेश:
वरिष्ठ नेता पीवीएन माधव को आंध्र प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने डी. पुरंदेश्वरी की जगह ली और उन्हें भी सर्वसम्मति से चुना गया।
पश्चिम बंगाल:
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य को बुधवार, 2 जुलाई 2025 को पश्चिम बंगाल बीजेपी का नया अध्यक्ष चुना गया। उन्हें सर्वसम्मति से इस पद के लिए नियुक्त किया गया है।
भट्टाचार्य लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब पार्टी राज्य में नए सिरे से संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
अंडमान-निकोबार:
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अनिल तिवारी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने अजय बैरागी की जगह ली है। पार्टी ने यह नियुक्ति अपने आंतरिक चुनावी प्रक्रिया के तहत की है।
मिजोरम:
मिजोरम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। सोमवार को पार्टी कार्यालय ‘अटल भवन’, रिपब्लिक क्षेत्र, आइजोल में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक डॉ. के. बैइचुआ का औपचारिक स्वागत किया गया।
पुडुचेरी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पुडुचेरी इकाई को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के पूर्व नामित विधायक वी. पी. रामालिंगम को सोमवार को पुडुचेरी बीजेपी अध्यक्ष चुना गया। वे इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए उन्हें निर्विरोध रूप से चुना गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर आरएसएस बैठक में चर्चा संभव:
4 से 6 जुलाई तक दिल्ली में आरएसएस की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले और सभी सह-सरकार्यवाह भाग लेंगे। सूत्रों के अनुसार, इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव पर भी चर्चा हो सकती है।