आपका पैसा

HUF vs Individual Tax: कौन बचाएगा ज्यादा टैक्स? जानिए ₹12 लाख तक टैक्स फ्री इनकम का पूरा सच

Individual और HUF में चुनाव आपकी आय के स्रोत पर निर्भर करता है, सही रणनीति अपनाने पर दोनों मिलकर टैक्स बचत बढ़ा सकते हैं।

Published by
मानसी वार्ष्णेय   
Last Updated- May 11, 2026 | 9:10 AM IST

HUF vs Individual Tax: भारत में टैक्स प्लानिंग सिर्फ बचत का तरीका नहीं, बल्कि एक समझदारी भरा वित्तीय निर्णय भी है। बदलते नियमों और नए टैक्स सिस्टम के बीच आम लोगों के मन में यह सवाल अक्सर उठता है कि आखिर टैक्स बचाने के लिए कौन सा विकल्प बेहतर है। खासकर जब बात आती है Individual और HUF यानी हिंदू अविभाजित परिवार की, तो यह तुलना और भी अहम हो जाती है।

पहली नजर में दोनों ही टैक्स सिस्टम काफी हद तक एक जैसे लगते हैं। दोनों पर टैक्स स्लैब समान लागू होते हैं और दोनों को पुराने और नए टैक्स सिस्टम में से चुनने का विकल्प भी मिलता है। लेकिन जब आप गहराई से देखते हैं, तो इनके बीच कई ऐसे अंतर सामने आते हैं जो आपकी टैक्स लायबिलिटी पर बड़ा असर डाल सकते हैं।

यही वजह है कि सही जानकारी और समझ के साथ लिया गया फैसला आपकी टैक्स बचत को काफी हद तक बढ़ा सकता है।

1 Finance में टैक्स हेड, CA Parag Jain के अनुसार, कागज पर भले ही Individual और HUF एक जैसे दिखते हों, लेकिन व्यवहार में इनके बीच का अंतर काफी महत्वपूर्ण हो जाता है। यह अंतर खासतौर पर इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी आय का स्रोत क्या है और आप उसे कैसे मैनेज करते हैं।

HUF vs Individual Tax: बुनियादी समानताएं

सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि दोनों टैक्स संरचनाओं में कुछ बुनियादी समानताएं भी हैं।

  • दोनों पर एक जैसे टैक्स स्लैब लागू होते हैं
  • दोनों पुराने और नए टैक्स सिस्टम में से किसी एक को चुन सकते हैं
  • सेक्शन 80C जैसे कुछ डिडक्शन दोनों को मिलते हैं
  • कैपिटल गेन पर मिलने वाली छूट भी दोनों के लिए उपलब्ध है

यानी, सतही तौर पर देखें तो दोनों में ज्यादा फर्क नजर नहीं आता। लेकिन असली अंतर तब सामने आता है जब हम डिडक्शन, रिबेट और इनकम के स्रोत को देखते हैं।

यह पढ़ें: HUF vs Will: संपत्ति के बंटवारे में कौन है असली ताकतवर? एक फैसला बदल सकता है परिवार का भविष्य

सेक्शन 87A: Individual के लिए बड़ा फायदा

CA Parag Jain के अनुसार, Individual टैक्सपेयर्स को मिलने वाला सबसे बड़ा फायदा सेक्शन 87A के तहत मिलने वाला रिबेट है।

नए टैक्स सिस्टम में अगर किसी व्यक्ति की टैक्सेबल इनकम 12 लाख रुपये तक है, तो उसे पूरी तरह टैक्स से छूट मिल सकती है। यानी उसकी टैक्स लायबिलिटी शून्य हो जाती है।

वहीं, HUF को यह रिबेट नहीं मिलता। यही वजह है कि अगर HUF की आय 12 लाख रुपये है, तो उसे करीब 62,400 रुपये तक टैक्स देना पड़ सकता है।

स्टैंडर्ड डिडक्शन: HUF के लिए नहीं

Individual को सैलरी या पेंशन पर 75,000 रुपये का स्टैंडर्ड डिडक्शन मिलता है। यह टैक्सेबल इनकम को सीधे कम करता है।

लेकिन HUF इस सुविधा का लाभ नहीं उठा सकता, क्योंकि HUF सैलरी इनकम कमा ही नहीं सकता। इस वजह से सैलरी आधारित आय वालों के लिए Individual स्ट्रक्चर ज्यादा लाभकारी रहता है।

सेक्शन 80C और 80D: दोनों को फायदा

पुराने टैक्स सिस्टम में सेक्शन 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की छूट Individual और HUF दोनों को मिलती है। इसी तरह, सेक्शन 80D के तहत हेल्थ इंश्योरेंस पर भी दोनों को छूट मिलती है। HUF के मामले में यह छूट परिवार के सदस्यों के हेल्थ इंश्योरेंस पर लागू होती है।

यह पढ़ें: Karta कौन होता है और क्यों जरूरी है? HUF से जुड़ी हर जरूरी बात समझिए आसान भाषा में

HUF का बड़ा फायदा: अलग टैक्स एंटिटी

CA Parag Jain बताते हैं कि HUF का सबसे बड़ा फायदा इसकी अलग टैक्स पहचान है।

HUF का अपना अलग PAN होता है और यह अलग से ITR फाइल करता है। इसका मतलब यह है कि परिवार की कुछ आय को HUF के तहत दिखाकर उसे अलग से टैक्स किया जा सकता है।

HUF vs Individual Tax: उदाहरण से समझिए

मान लीजिए किसी परिवार की कुल आय 24 लाख रुपये है।

स्थिति 1: पूरी आय Individual के नाम

अगर पूरी आय एक ही व्यक्ति के नाम पर है, तो उस पर ऊंचे टैक्स स्लैब लागू होंगे और टैक्स ज्यादा देना पड़ेगा।

स्थिति 2: आय को बांट दिया जाए

अगर यही 24 लाख रुपये की आय को 12-12 लाख में बांटकर एक हिस्सा Individual और दूसरा HUF के नाम कर दिया जाए, तो दोनों पर अलग-अलग टैक्स लगेगा।

इससे कुल टैक्स कम हो सकता है, क्योंकि दोनों को बेसिक छूट और स्लैब का फायदा अलग-अलग मिलेगा।

HUF बनाते समय किन बातों का रखें ध्यान

Taxocity.com के फाउंडर सीए जतिन गोयल ने कहा कि HUF के जरिए टैक्स बचत तभी संभव है, जब निवेश में लगाया गया पैसा वास्तव में HUF का हो।

यह पैसा आमतौर पर पैतृक संपत्ति, परिवार के अन्य सदस्यों से मिले गिफ्ट या पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे से आता है। अगर HUF का कर्ता अपना व्यक्तिगत पैसा HUF में डालता है और उससे आय होती है, तो टैक्स नियमों के तहत वह आय फिर से उसी व्यक्ति की आय मानी जा सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि HUF चलाने के लिए अलग PAN, अलग बैंक अकाउंट, अलग ITR और सही रिकॉर्ड रखना जरूरी होता है।

HUF कब देता है ज्यादा फायदा

HUF तभी फायदेमंद होता है जब परिवार के पास ऐसी आय हो जो HUF के नाम पर दिखाई जा सके।

जैसे:

  • पैतृक संपत्ति से मिलने वाली आय
  • परिवार के निवेश से होने वाली कमाई
  • HUF के नाम पर चलाया जा रहा बिजनेस

ऐसे मामलों में HUF एक अतिरिक्त टैक्स बचत का जरिया बन सकता है।

यह पढ़ें: HUF में ‘कर्ता’ की मौत के बाद क्या होता है? कौन संभालेगा कमान और क्या महिला बन सकती है मुखिया? जानें पूरा नियम

Individual कब रहता है बेहतर विकल्प

अगर किसी व्यक्ति की आय मुख्य रूप से सैलरी से आती है, तो HUF ज्यादा मददगार नहीं होता।

ऐसे में Individual टैक्सेशन बेहतर रहता है क्योंकि:

  • सेक्शन 87A का पूरा फायदा मिलता है
  • स्टैंडर्ड डिडक्शन मिलता है
  • टैक्स कैलकुलेशन आसान रहता है

HUF vs Individual Tax: क्या दोनों साथ काम कर सकते हैं

CA Parag Jain के मुताबिक, Individual और HUF को एक-दूसरे के विकल्प के रूप में नहीं देखना चाहिए। सही परिस्थितियों में दोनों को साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे परिवार को टैक्स बचत का बेहतर मौका मिलता है।

सही रणनीति क्या होनी चाहिए

टैक्स एक्सपर्ट ने कहा कि टैक्स प्लानिंग करते समय सबसे जरूरी बात यह है कि आप अपनी इनकम के सोर्स को समझें।

  • अगर आपकी आय सैलरी आधारित है, तो Individual स्ट्रक्चर ही बेहतर रहेगा
  • अगर आपके पास पैतृक संपत्ति या पारिवारिक निवेश हैं, तो HUF बनाने पर विचार किया जा सकता है
  • दोनों को मिलाकर इस्तेमाल करने से बेहतर टैक्स बचत संभव है

वहीं, ईज़ीपे में सीनियर अकाउंटेंट आदिल मलिक के मुताबिक, HUF एक अतिरिक्त टैक्स इकाई की तरह काम करता है, जिससे परिवार को अलग PAN और अलग टैक्स स्लैब का फायदा मिल सकता है। यह खासतौर पर उन परिवारों के लिए उपयोगी है, जिनकी संयुक्त आय अधिक है और जो कानूनी तरीके से अपनी टैक्स देनदारी को बेहतर ढंग से प्रबंधित करना चाहते हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि HUF के साथ संपत्ति के बंटवारे और नियंत्रण जैसी कुछ जटिलताएं जुड़ी रहती हैं, जबकि Individual टैक्सेशन अपेक्षाकृत अधिक सरल और लचीला होता है। उनके अनुसार, कौन-सा विकल्प ज्यादा फायदेमंद रहेगा, यह पूरी तरह व्यक्ति की आय संरचना, पारिवारिक व्यवस्था और दीर्घकालिक वित्तीय लक्ष्यों पर निर्भर करता है।

First Published : May 6, 2026 | 11:48 AM IST