राजनीति

राज्यसभा के लिए मालीवाल को AAP ने बनाया उम्मीदवार

पीएसी ने संजय सिंह तथा एन.डी. गुप्ता को राज्यसभा सदस्य के तौर पर उनके दूसरे कार्यकाल के लिए पुन: नामित करने का फैसला किया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 05, 2024 | 11:11 PM IST

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को शुक्रवार को राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार बनाया और संजय सिंह तथा एनडी गुप्ता को ऊपरी सदन में दूसरे कार्यकाल के लिए पुन: नामित किया।

पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने नामांकन की घोषणा की। पीएसी की अध्यक्षता ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की।

पार्टी ने कहा, ‘डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को पहली बार नामित किया गया है। पीएसी ने संजय सिंह तथा एन.डी. गुप्ता को राज्यसभा सदस्य के तौर पर उनके दूसरे कार्यकाल के लिए पुन: नामित करने का फैसला किया है।’

उसने कहा कि समिति ने दो मौजूदा सदस्यों को पुन: नामित करने का फैसला किया है जबकि सुशील कुमार गुप्ता ने हरियाणा की चुनावी राजनीति पर अपना ध्यान केंद्रित करने की इच्छा जतायी है। सुशील कुमार गुप्ता का राज्यसभा के सदस्य के रूप में कार्यकाल इस महीने के अंत में समाप्त हो जाएगा।

‘आप’ के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘उन्होंने हरियाणा के चुनावी परिदृश्य में सक्रियता से भाग लेने की अपनी इच्छा व्यक्त की है और हम इस रास्ते पर आगे बढ़ने के उनके फैसले का सम्मान करते हैं।’

डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष मालीवाल महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक मुद्दों की सक्रिय कार्यकर्ता भी हैं।

First Published : January 5, 2024 | 11:11 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)