राजनीति

भाजपा, तृणमूल में कांटे की टक्कर, 4 मई को तय होगी सियासी तस्वीर

तमिलनाडु में अलग-अलग संकेत, केरल में UDF को बढ़त

Published by
अर्चिस मोहन   
Last Updated- April 30, 2026 | 8:47 AM IST

बुधवार शाम को जारी एग्जिट पोल में मोटे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की असम में ऐतिहासिक जीत और कांग्रेस के नेतृत्व में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का केरल में परचम लहराने का अनुमान जताया गया है।
हालांकि, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनावों के परिणामों पर विभिन्न एग्जिट पोल अलग-अलग संकेत दे रहे हैं। पुदुच्चेरी में अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (एएनआरसी) के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की सत्ता में वापसी का अनुमान सभी एग्जिट पोल में जताया गयाहै।
अधिकांश एग्जिट पोल का इतिहास उतार-चढ़ाव भरा रहा है और कई बार उनके अनुमान गलत भी साबित हुए हैं।

ऐक्सिस माई इंडिया ने तमिलनाडु के लिए जारी अपने एग्जिट पोल में अनुमान लगाया है कि अभिनेता से राजनेता बने विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके), जो पहली बार चुनाव लड़ रही है, सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) के नेतृत्व वाले गठबंधन को दूसरे स्थान पर धकेल सकती है। हालांकि, अधिकांश अन्य एग्जिट पोल ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के राज्य में बहुमत हासिल करने की भविष्यवाणी की है। इनमें टीवीके को सीटों की गिनती में तीसरे स्थान पर और एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को दूसरे स्थान पर रखा गया है।

देश के चार राज्यों असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुदुच्चेरी में विधान सभा चुनावों का मौजूदा चरण बुधवार शाम को समाप्त हो गया। पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण का मतदान समाप्त हो गया जहां ऐतिहासिक 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

ऐक्सिस माई इंडिया का पश्चिम बंगाल के लिए गुरुवार को एग्जिट पोल आ सकता है। हालांकि, कम से कम पांच सर्वेक्षणकर्ताओं ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर भाजपा की बढ़त की भविष्यवाणी की है जबकि तीन सर्वेक्षणकर्ताओं ने राज्य में तृणमूल की जीत की बात कही है।

पश्चिम बंगाल में पीपल पल्स एग्जिट पोल ने टीएमसी को 177 से187 सीटें, भाजपा को 95 से 110 सीटें, वाम मोर्चा को 0 से 1 सीट और कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। मैट्रिज ने राज्य में भाजपा की बढ़त का अनुमान जताया और कहा कि उसे 146 से 161 सीटें मिलने की संभावना है। इसने टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। पी-मार्क ने भाजपा को 150 से175 और टीएमसी को 118 से 138 सीटों का अनुमान लगाया है। पश्चिम बंगाल में कुल 294 सीटें हैं, जिसमें बहुमत का आंकड़ा 148 है। ऐक्सिस माई इंडिया ने असम में भाजपा की भारी जीत का अनुमान लगाया है और भाजपा एवं उसके सहयोगियों के लिए 88 से 100 सीटें और कांग्रेस और उसके सहयोगियों के लिए 24 से 36 सीटें मिलने का पूर्वानुमान लगाया है।

केरल में ऐक्सिस माई इंडिया ने यूडीएफ को 78 से 90 सीटें, एलडीएफ को 49 से 62 सीटें और एनडीए को 0 से 3 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। तमिलनाडु में पीपुल्स पल्स ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए 125 से 145, एआईएडीएमके-भाजपा के लिए 65 से 80 और टीवीके के लिए 18 से 24 सीटों का अनुमान लगाया है। मैट्रिज ने डीएमके-कांग्रेस को 122 से 132, एनडीए को 87 से 100 और टीवीके को 10 से 2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। तमिलनाडु में कुल 234 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा118 है। सभी पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुदुच्चेरी, केरल और असम – के लिए वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

असम, केरल, पुदुच्चेरी और तमिलनाडु में एक ही चरण में मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ। 9 अप्रैल को असम, केरल और पुदुच्चेरी में मतदान हुआ। असम और पुदुच्चेरी में क्रमशः 85.38 प्रतिशत और 89.83 प्रतिशत मतदान दर्ज हुए और अब तक की सबसे अधिक मतदान दर का रिकॉर्ड टूट गया। तमिलनाडु में पश्चिम बंगाल के साथ 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हुआ। तमिलनाडु में 84.69 प्रतिशत मतदान के साथ स्वतंत्रता के बाद से विधान सभा चुनावों में अब तक की सबसे अधिक मतदान दर दर्ज की गई। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में रिकॉर्ड 91.78 प्रतिशत मतदान हुआ और मंगलवार को हुए दूसरे चरण में लगभग 90 प्रतिशत मतदान हुआ।

First Published : April 30, 2026 | 8:47 AM IST