राजनीति

ममता बनर्जी का बड़ा आरोप: भाजपा बंगाल को 3 हिस्सों में बांटने और बिहार-ओडिशा में मिलाने की फिराक में

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर पश्चिम बंगाल को बांटने और विपक्षी दलों के साथ मिलकर सरकार गिराने के लिए करोड़ों के सौदे का गंभीर आरोप लगाया है

Published by
भाषा   
Last Updated- April 12, 2026 | 10:46 PM IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार उनके राज्य को तीन भागों में बांटने के लिए परिसीमन करना चाहती है। बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कुछ हिस्सों का विलय बिहार या ओडिशा में किया जा सकता है, जिससे उन क्षेत्रों में रहने वाले बंगालियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। 

बांकुडा जिले के छटना और ओंडा तथा पूर्वी बर्धमान के खंडघोष में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘भाजपा पश्चिम बंगाल को तीन भागों में बांटने के लिए परिसीमन विधेयक लाने की योजना बना रही है। वह बंगाल के कुछ हिस्सों का बिहार या ओडिशा में विलय कर सकती है और वहां के बंगालियों को प्रताड़ित कर सकती है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को पश्चिम बंगाल की सत्ता से हटाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का सौदा किया है। बनर्जी का परोक्ष रूप से यह इशारा, सोशल मीडिया पर सामने आये आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) प्रमुख हुमायूं कबीर के उस वीडियो की ओर था, जिसमें वह कथित तौर पर यह कहते हुए सुने गए कि वह बनर्जी को सत्ता से हटाने के लिए सुवेंदु अधिकारी सहित भाजपा नेताओं से निकट संपर्क में हैं और उन्होंने तृणमूल को हराने के लिए अल्पसंख्यक मतों को विभाजित करने के वास्ते 1,000 करोड़ रुपये के सौदे के अग्रिम भुगतान के रूप में 200 करोड़ रुपये प्राप्त किए हैं।

‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने मामले की जांच की मांग की है, जबकि भाजपा और एजेयूपी ने वीडियो को एआई से निर्मित बताया है। 

First Published : April 12, 2026 | 10:46 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)