राजनीति

बिहार की सियासत में ‘निशांत’ उदय: जदयू में शामिल हुए नीतीश के बेटे, क्या बनेंगे नए उपमुख्यमंत्री?

निशांत को पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह 'ललन' और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में जदयू में शामिल किया गया

Published by
भाषा   
Last Updated- March 08, 2026 | 10:40 PM IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि वह पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। अटकलें हैं कि निशांत को नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। नीतीश कुमार के एक करीबी सहयोगी ने शनिवार को दावा किया कि एक सर्वसम्मत निर्णय लिया गया था कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नई सरकार में निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

इंजीनियरिंग में स्नातक निशांत को पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में जदयू में शामिल किया गया। पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत ने कहा, ‘मेरे पिता ने राज्य सभा सदस्य बनने का फैसला लिया, यह उनका व्यक्तिगत निर्णय था। हम सभी इसका सम्मान करते हैं। हम उनके मार्गदर्शन में काम करते रहेंगे। मैं संगठन को मजबूत करने के लिए काम करूंगा।’

निशांत ने दावा किया कि बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे उनके पिता नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्ष में राज्य के लिए बहुत कुछ किया। उन्होंने कहा, ‘राज्य की जनता कभी नीतीश कुमार द्वारा राज्य के विकास में किए गए योगदान को नहीं भूलेगी।’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य सभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हरनौत से जदयू के विधायक हरि नारायण सिंह ने दावा किया कि निशांत को अगले महीने राज्य विधान परिषद का सदस्य चुना जाएगा।

इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार से अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ दोबारा शुरू करेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। समृद्धि यात्रा 16 जनवरी को पश्चिम चंपारण जिले से शुरू की गई थी, लेकिन बिहार विधान सभा के बजट सत्र के कारण इसे रोकना पड़ा। कैबिनेट सचिवालय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) अरविंद कुमार चौधरी ने सभी विभागाध्यक्षों, पुलिस प्रमुखों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को लिखे एक पत्र में कहा कि मुख्यमंत्री सोमवार से शुरू होने वाली ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान जारी सरकारी परियोजनाओं और अन्य योजनाओं की समीक्षा करेंगे और लोगों से बातचीत भी करेंगे।  

First Published : March 8, 2026 | 10:39 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)