राजनीति

केरलम में वीडी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, कांग्रेस की गारंटियों पर पहली कैबिनेट बैठक में ही लगी मुहर

नई सरकार में गठबंधन संतुलन साधने की कोशिश के तहत यूडीएफ में शामिल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को भी मंत्रिमंडल में पर्याप्त जगह मिली है

Published by
भाषा   
Last Updated- May 18, 2026 | 10:55 PM IST

केरलम में कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ यूडीएफ सरकार के 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल को भी राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में वरिष्ठ और युवा नेताओं को जगह दी गई है। एक समय मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदार माने जा रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला भी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता समारोह में मौजूद रहे। 

नई सरकार में गठबंधन संतुलन साधने की कोशिश के तहत यूडीएफ में शामिल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को भी मंत्रिमंडल में पर्याप्त जगह मिली है। बाद में राज्य सचिवालय में सतीशन की अध्यक्षता में नई कैबिनेट की पहली बैठक हुई, जिसमें विधान सभा चुनाव अभियान के दौरान राहुल गांधी द्वारा घोषित पांच कार्यक्रमों में से दो को लागू करने का फैसला लिया गया। इनमें 15 जून से केएसआरटीसी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा और बुजुर्गों के लिए समर्पित विभाग स्थापित किया जाना शामिल है। 

मुख्यमंत्री के अनुसार यह देश में अपनी तरह का पहला विभाग होगा। चुनाव के दौरान राहुल गांधी द्वारा घोषित अन्य गारंटियों में कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को हर महीने 1,000 रुपये का वजीफा, सामाजिक कल्याण पेंशन बढ़ाकर 3,000 रुपये करना, प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और युवा उद्यमियों को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देना शामिल है। वाम शासन के दौरान सचिवालय के सामने आशा कार्यकर्ताओं के लंबे आंदोलन के दौरान किए गए वादे को पूरा करते हुए यूडीएफ कैबिनेट ने उनके मानदेय में 3,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को भी मंजूरी दे दी। इसके बाद उनका कुल मासिक मानदेय 12,000 रुपये हो जाएगा। 

हालांकि यह यूडीएफ के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे से कम है, लेकिन सतीशन ने कहा कि सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता पी के कुन्हालीकुट्टी, आरएसपी नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस नेता मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) के नेता अनूप जैकब और सीएमपी के नेता सी पी जॉन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रिमंडल में सतीशन समेत 14 नए चेहरे शामिल हैं। सतीशन 2001 से कोच्चि के पास परावुर  से चुनाव जीतते रहे हैं। 

First Published : May 18, 2026 | 10:32 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)