राजनीति

विजय के ‘थलपति’ बनने का रास्ता साफ! VCK के समर्थन से TVK को मिला बहुमत, जल्द होगा शपथग्रहण

VCK के बिना शर्त समर्थन के साथ विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु में बहुमत हासिल कर लिया है। अब विजय का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है

Published by
अक्षिता सिंह   
Last Updated- May 09, 2026 | 6:48 PM IST

अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) के लिए तमिलनाडु में सरकार बनाने की राह अब पूरी तरह साफ हो गई है। विदुथलाई चिरुथाईगल काची (VCK) ने TVK को बिना किसी शर्त के अपना समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इस फैसले के साथ ही विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन ने विधानसभा में बहुमत के जादुई आंकड़े को पार कर लिया है।

तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत होती है। अपने पहले ही चुनाव में विजय की पार्टी TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीती थीं, लेकिन वह बहुमत से थोड़ी दूर रह गई थी। अब कांग्रेस (5 विधायक), CPI (2 विधायक), CPI (M) (2 विधायक) और अब VCK के 2 विधायकों के साथ आने से इस गठबंधन की कुल संख्या 119 पहुंच गई है।

Also Read: Bengal CM Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल में पहली बार BJP सरकार, शुभेंदु अधिकारी बने मुख्यमंत्री; शपथ समारोह में जुटे दिग्गज

गवर्नर को सौंपी गई समर्थन की चिट्ठी

इस राजनीतिक घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए TVK नेता आधाव अर्जुन ने इसे एक बड़ी “जीत” बताया। उन्होंने समर्थन के लिए कांग्रेस, वामपंथी दलों और VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन का आभार जताया। VCK की ओर से विधायक दल के नेता वन्नी अरासु ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को समर्थन पत्र सौंप दिया है।

9 मई 2026 की तारीख वाले इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि राज्य में एक स्थिर और लोकतांत्रिक सरकार देने के लिए VCK, सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन कर रही है। समर्थन देने वाले दो विधायकों में तिंदिवनम से वन्नी अरासु और कट्टुमन्नारकोइल से एल.ई. जोथिमणि के नाम शामिल हैं। खुद VCK अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन ने भी अलग से राज्यपाल को पत्र लिखकर पार्टी के इस फैसले की जानकारी दी है।

बता दें कि कि विजय ने दो विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की है। नियम के मुताबिक, उन्हें एक सीट खाली करनी होगी, जिससे उनकी पार्टी की अपनी संख्या 107 हो जाएगी, लेकिन सहयोगियों के साथ उनका गठबंधन 118 के सुरक्षित आंकड़े से ऊपर (119) रहेगा। अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। वह जल्द ही राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। इस नए गठबंधन के बाद राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होने की उम्मीद है।

First Published : May 9, 2026 | 5:34 PM IST