आज का अखबार

11 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंची बेरोजगारी, नौकरी बाजार से आया चिंताजनक संकेत

मई 2026 में भारत की बेरोजगारी दर बढ़कर 5.5% पर पहुंच गई, जबकि श्रम भागीदारी और रोजगार दर में गिरावट से जॉब मार्केट में सुस्ती के संकेत मिले हैं।

Published by
हिमांशी भारद्वाज   
Last Updated- June 16, 2026 | 8:19 AM IST

श्रम बल भागीदारी में गिरावट के बावजूद मई के दौरान भारत की बेरोजगारी दर अप्रैल के 5.2 प्रतिशत से बढ़कर 5.5 प्रतिशत के 11 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, काम करने या काम की तलाश करने वाले लोगों का अनुपात घटने से श्रम बाजार में सुस्ती के संकेत मिल रहे हैं। यह जानकारी सोमवार को जारी राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के नवीनतम मासिक सर्वेक्षण में सामने आई है।

आंकड़ों के मुताबिक मई में काम कर रहे या सक्रिय रूप से रोजगार की तलाश कर रहे लोगों का अनुपात घटकर 54.4 प्रतिशत रह गया, जो पिछले 11 महीनों का सबसे निचला स्तर है। इसी साल अप्रैल के दौरान यह 55 प्रतिशत के स्तर पर था। दूसरी ओर, ग्रामीण क्षेत्रों में यह अनुपात अप्रैल के 57.5 प्रतिशत से घटकर मई में 56.6 प्रतिशत रह गया, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 50.1 प्रतिशत से मामूली गिरावट के साथ 49.8 प्रतिशत पर आ गया है।
इसी तरह रोजगार प्राप्त लोगों का अनुपात भी अप्रैल के 52.2 प्रतिशत से घटकर मई में 51.4 प्रतिशत रह गया। यह 11 महीनों का न्यूनतम स्तर है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार कामकाजी आबादी और रोजगार प्राप्त लोगों के अनुपात में कमी तथा बेरोजगारी में वृद्धि से पता चलता है कि मई के दौरान श्रम बाजार की स्थिति कमजोर हुई है। रोजगार के अवसरों में गिरावट, काम की तलाश करने वालों की संख्या में कमी की तुलना में अधिक तेज रही है, जिसके कारण बेरोजगारों का अनुपात बढ़ गया है। इसी साल मई के दौरान आर्थिक गतिविधियों में मौसमी सुस्ती भी इसकी एक वजह हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त लोगों का अनुपात अप्रैल के 54.9 प्रतिशत से घटकर मई में 53.8 प्रतिशत पर आ गया है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 46.8 प्रतिशत से घटकर 46.6 प्रतिशत रह गया।

पुरुषों और महिलाओं दोनों के रोजगार अनुपात में भी गिरावट दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार पुरुषों का अनुपात अप्रैल के 73.2 प्रतिशत से घटकर 72.5 प्रतिशत और महिलाओं का 32.1 प्रतिशत से घटकर 31 प्रतिशत रह गया। शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर मई में 6.4 प्रतिशत रही, जबकि अप्रैल में यह 6.6 प्रतिशत थी। दूसरी ओर, ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 4.6 प्रतिशत से बढ़कर 5.1 प्रतिशत हो गई। इसके अलावा पुरुषों की बेरोजगारी दर अप्रैल के 5.1 प्रतिशत से बढ़कर मई में 5.4 प्रतिशत हो गई, जबकि महिलाओं की बेरोजगारी दर 5.4 प्रतिशत से बढ़कर 5.6 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

First Published : June 16, 2026 | 8:19 AM IST