Representational Image
कोलकाता की एफएमसीजी कंपनी इमामी ने एक्सिओम आयुर्वेद में शेष 73.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौता किया है। इस समझौते से कंपनी को ‘एलोफ्रूट’ की निर्माता एक्सिओम आयुर्वेद पर पूरा नियंत्रण मिल जाएगा।
पहले चरण में इमामी ने 36.7 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया, जिससे उसकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 63.2 फीसदी हो गई। कंपनी ने बताया कि यह अधिग्रहण अगले तीन महीनों में चरणबद्ध तरीके से पूरा होने की उम्मीद है, जो समझौते की शर्तों और नियामकीय जरूरतों के अनुरूप है।
इमामी बोर्ड द्वारा स्वीकृत 73.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए लेनदेन का कुल मूल्य 200 करोड़ रुपये से अधिक नहीं होगा। पिछली हिस्सेदारी खरीद को मिलाकर अधिग्रहण का कुल आकार 300 करोड़ रुपये से अधिक होगा। एक्सिओम के उत्पाद पोर्टफोलियो में एलोफ्रूट ब्रांड के तहत पेय पदार्थ ‘एक्सिओम जीवन रस’ के तहत हेल्थ जूस और ‘मुक्ति गोल्ड’ के तहत सौंदर्य उत्पाद शामिल हैं।
इमामी के वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हर्ष वर्धन अग्रवाल ने कहा कि कंपनी की ग्रोथ स्ट्रेटेजी उभरती और ज्यादा अवसरों वाली श्रेणियों में मौजूदगी बनाने पर केंद्रित है। ये श्रेणियां बदलती उपभोक्ता पसंद के हिसाब से हैं, खासकर हेल्थ और वेलनेस के क्षेत्र में। बीएस