प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
सज्जन जिंदल की अगुआई वाली जेएसडब्ल्यू स्टील ने सोमवार को कहा कि जापान की जेएफई स्टील कॉरपोरेशन ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा स्टील लिमिटेड में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी लेने के लिए 7,875 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
जेएसडब्ल्यू स्टील ने बीएसई को दी सूचना में बताया कि यह निवेश जेएसडब्ल्यू कलिंगा में जेएफई की नियोजित हिस्सेदारी का पहला चरण है। इसके तहत सोमवार को जापानी कंपनी को 2,26,94,524 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए।
सूचना में कहा गया है, ‘जेएफई स्टील कॉरपोरेशन (जेएफई) ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा स्टील लिमिटेड (जेएसडब्ल्यू कलिंगा) में जेएफई के निवेश का पहला चरण यानी 7,875 करोड़ रुपये का निवेश किया है और जेएसडब्ल्यू कलिंगा के 2,26,94,524 इक्विटी शेयर सोमवार (30 मार्च, 2026) को जेएफई को आवंटित किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप जेएफई के पास जेएसडब्ल्यू कलिंगा में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हो गई है।’
कंपनी के अनुसार, ‘हाल ही में संयुक्त उद्यम समझौते के तहत जेएसडब्ल्यू कलिंगा में हुए आवंटन और निदेशक मंडल में बदलाव के बाद जेएसडब्ल्यू स्टील और जेएफई स्टील ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा और उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी जेएसडब्ल्यू संबलपुर स्टील पर संयुक्त नियंत्रण स्थापित कर लिया है। कंपनी ने सूचना में कहा कि जेएफई द्वारा जेएसडब्ल्यू कलिंगा में 7,875 करोड़ रुपये में अतिरिक्त 25 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण संयुक्त उद्यम समझौते के अनुसार पूरा हो जाएगा।