मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी संतोष अय्यर
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी संतोष अय्यर ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया के संघर्ष का कारों की मांग पर कोई असर नहीं पड़ा है। हालांकि कंपनी को कलपुर्जों की आपूर्ति में कुछ विलंब और शिपिंग लागत में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है।
यहां इलेक्ट्रिक मर्सिडीज-बेंज सीएलए बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन की पेशकश के मौके पर अय्यर ने कहा कि मौजूदा संघर्ष से व्यापार मार्गों में बाधा आने के बावजूद ग्राहकों की मांग मजबूत बनी हुई है।
अय्यर ने कहा, ‘मांग के मोर्चे पर, हमें कोई असर नहीं दिख रहा है। मांग पहले की तरह ही बनी हुई है।’
उन्होंने कहा कि वित्तीय बाजारों में हाल में हुई उथल-पुथल से भी खरीदारी में थोड़ा ही विलंब देखने को मिला। उन्होंने हाल में पेश हुई सीएलए इलेक्ट्रिक सिडैन को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया की ओर इशारा किया। इस कार के लिए अब तक 400 से ज्यादा बुकिंग मिल चुकी हैं और अगले कुछ महीनों के लिए यह पूरी तरह से बिक चुकी है। इसके खरीदारों में एक बड़ा हिस्सा उन लोगों का है जो पहली बार कोई लग्जरी कार खरीद रहे हैं। इनमें युवा खरीदार और दोहरी आय वाले परिवार भी शामिल हैं।
हालांकि, आपूर्ति के मामले में कंपनी को अब दबाव महसूस होने लगा है। अय्यर ने बताया कि संघर्ष के कारण वाहन कलपुर्जों के आयात में देरी और माल ढुलाई की लागत में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि इससे उत्पादन पर अभी तक खास असर नहीं पड़ा है।
उन्होंने कहा, ‘हमें और ज्यादा विलंब देखने को मिल रहा है और लागत बढ़ गई है, शिपिंग की लागत में भी इजाफा हुआ है। ऐसे समय में भी, मैं यह कहूंगा कि चिंता की कोई बात नहीं है और हम पूरी आपूर्ति श्रृंखला का प्रबंधन करने में सक्षम हैं।’