कंपनियां

विलय एवं अधिग्रहण गतिविधियां 2 वर्ष के शीर्ष स्तर पर: रिपोर्ट

रिलायंस और डिज्नी के बीच विलय संबंधी 8.5 अरब डॉलर के सौदे ने मार्च तिमाही में कुल विलय एवं अधिग्रहण गतिविधियों को दो साल के उच्चस्तर पर पहुंचा दिया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 09, 2024 | 11:41 PM IST

रिलायंस और डिज्नी के बीच विलय संबंधी 8.5 अरब डॉलर के सौदे ने मार्च तिमाही में कुल विलय एवं अधिग्रहण गतिविधियों को दो साल के उच्चस्तर पर पहुंचा दिया है। मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

सलाहकार फर्म ग्रांट थॉर्नटन भारत ने इस रिपोर्ट में कहा कि जनवरी-मार्च तिमाही में विलय एवं अधिग्रहण सौदों समेत कुल लेनदेन मामूली रूप से बढ़कर 427 हो गए, जबकि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कुल 422 सौदे हुए थे। हालांकि बीती तिमाही में हुए कुल सौदों का मूल्य 43 प्रतिशत बढ़कर 20.41 अरब डॉलर हो गया। यह अप्रैल-जून, 2022 की तिमाही के बाद से लेनदेन सौदों का सबसे अच्छा प्रदर्शन है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि तिमाही का सबसे महत्वपूर्ण सौदा रिलायंस की मीडिया कंपनी वायकॉम18 का स्टार इंडिया के साथ विलय का था। इससे 8.5 अरब डॉलर के उद्यम मूल्य का सृजन हुआ। मार्च तिमाही में 10 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य वाले सौदों की संख्या 36 प्रतिशत घटकर 18 रह गई जबकि अरबों डॉलर मूल्य के सौदों की संख्या दिसंबर तिमाही की तुलना में बढ़ गई।

रिपोर्ट के मुताबिक बीती तिमाही में 12 अरब डॉलर मूल्य के तीन सौदे हुए जो इस तिमाही में हुए कुल सौदों के मूल्य का लगभग 59 प्रतिशत है। कुल सौदों में विलय एवं अधिग्रहण के 120 लेनदेन शामिल थे, जबकि शेष सौदे निजी इक्विटी (पीई) लेनदेन के थे।

First Published : April 9, 2024 | 10:59 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)