प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म रैपिडो ने रकम जुटाने के नए दौर में 24 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। इससे उसका मूल्यांकन 3 अरब डॉलर हो गया है। इस रकम से कंपनी को बड़ी प्रतिस्पर्धी उबर और ओला से मुकाबला करने के लिए अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
रकम जुटाने के इस दौर की अगुआई प्रोसस ने की। इसमें वेस्टब्रिज कैपिटल, ऐक्सल और अन्य निवेशकों की भी भागीदारी रही। यह 73 करोड़ डॉलर की प्राथमिक और द्वितीयक वित्तीय सहायता का हिस्सा है। डेटा प्लेटफॉर्म ट्रैक्सन के अनुसार इससे पहले रैपिडो का मूल्यांकन लगभग 2.3 अरब डॉलर था।
रैपिडो ने कहा है कि उसका मकसद किफायती परिवहन की कमियां दूर करना और रोजगार के लचीले अवसर मुहैया कराना है, क्योंकि मझोले शहरों और उनसे इतर मांग बढ़ रही है। नई पूंजी का इस्तेमाल कंपनी का परिचालन ‘तेजी से बढ़ते क्षेत्रों’ में विस्तार में किया जाएगा। साथ ही बड़े महानगरों में इसकी मुख्य सेवाओं का विस्तार भी जारी रहेगा।
Also Read: अमेरिका में तेल-गैस इंजन मॉडल बरकरार रखेगी JLR, EV की घटती मांग के बीच रणनीति में बदलाव
कंपनी के सह-संस्थापक अरविंद सांका ने कहा, ‘रैपिडो में हमने हमेशा माना है कि परिवहन का असली मापदंड न केवल पूरी की गई राइड है, बल्कि कमाई गई जीविका भी है। यह निवेश दोनों मामलों में तेजी लाने में हमारी क्षमता बढ़ाएगा। उन्होंने कहा, ‘हम उन बाजारों में पैठ बढ़ाने जा रहे हैं, जहां मांग है, लेकिन आपूर्ति छितराई हुई है। हम आपूर्ति मजबूत करने, तकनीक बनाने और अपनी मल्टी-मॉडल मौजूदगी बढ़ाने पर ध्यान देंगे, वह भी कहीं अधिक तेज रफ्तार और इरादे के साथ।’
प्रोसस में भारतीय पारिस्थितिकी तंत्र के प्रमुख आशुतोष शर्मा ने कहा कि परिवहन देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था का ‘बुनियादी आधार’ बनती जा रही है। शर्मा ने कहा, ‘हमारा निवेश पहुंच और रोजगार के संबंध में रैपिडो की वास्तविक, बड़े स्तर की चुनौतियों का समाधान करते हुए स्थायी रूप से इसे बढ़ाने की क्षमता में हमारा मजबूत विश्वास दर्शाता है।’
वेस्टब्रिज कैपिटल के सह-संस्थापक और प्रबंध साझेदार सुमीर चड्ढा ने कहा, ‘खर्च उठाने की क्षमता, दक्षता और ड्राइवरों के सशक्तिकरण पर रैपिडो का जोर उपभोक्ताओं के साथ लगातार मजबूती से जुड़ा हुआ है। हमें इस टीम का समर्थन जारी रखने में खुशी हो रही है, क्योंकि वे अपने प्लेटफॉर्म का विस्तार कर रहे हैं और विकास के अगले चरण की शुरुआत कर रहे हैं।’