कंपनियां

Raymond Share Price: रेमंड के शेयरों में 17% से अधिक का उछाल

Raymond Share: बीएसई पर कंपनी का शेयर 17.30 प्रतिशत बढ़कर 3,450.95 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गया। एनएसई पर 16.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,434.75 रुपये प्रति पर रहा।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 05, 2024 | 12:21 PM IST

कपड़ा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी रेमंड के शेयर में शुक्रवार को 17 प्रतिशत से अधिक उछाल आया। रेमंड लिमिटेड के शेयरधारकों के लिए मूल्य बढ़ाने तथा भारतीय संपत्ति बाजार में वृद्धि की संभावनाओं का दोहन करने के लिए अपने रियल एस्टेट कारोबार को अलग करने की घोषणा के बाद कंपनी के शेयर में उछाल आया।

बीएसई पर कंपनी का शेयर 17.30 प्रतिशत बढ़कर 3,450.95 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गया। एनएसई पर 16.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,434.75 रुपये प्रति पर रहा। कारोबार के दौरान रेमंड के शेयर ने बीएसई और एनएसई पर क्रमश: 3,480.35 रुपये और 3,484 रुपये के अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर को छुआ।

इस बीच, 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स 357.95 अंक या 0.45 प्रतिशत गिरकर 79,691.72 अंक पर आ गया। निफ्टी 64.90 अंक या 0.27 प्रतिशत फिसलकर 24,240.05 अंक पर रहा। रेमंड लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया था कि उसके निदेशक मंडल ने रेमंड लिमिटेड (अलग हुई कंपनी) और रेमंड रियल्टी लिमिटेड तथा उनके संबंधित शेयरधारकों की व्यवस्था की योजना को मंजूरी दे दी है।

व्यवस्था योजना के अनुसार, रेमंड लिमिटेड के प्रत्येक शेयरधारक को रेमंड लिमिटेड में प्रत्येक एक शेयर के बदले रेमंड रियल्टी का एक शेयर मिलेगा। गत वित्त वर्ष में रियल एस्टेट कारोबार की एकल आधार पर परिचालन आय 1,592.65 करोड़ रुपये रही, जो रेमंड लिमिटेड के कुल राजस्व का 24 प्रतिशत है।

First Published : July 5, 2024 | 12:21 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)