कंपनियां

कैसीनो फर्म Delta Corp के खिलाफ 628 करोड़ रुपये GST की मांग आदेश पर सिक्किम हाईकोर्ट ने लगाई रोक

डेल्टा कॉर्प ने शेयर बाजार को बताया कि सरकार ने अभी तक कंपनी के खिलाफ करीब 23,000 करोड़ रुपये की कुल जीएसटी मांग की है।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 22, 2023 | 8:10 PM IST

सिक्किम उच्च न्यायालय ने डेल्टा कॉर्प के खिलाफ करीब 628 करोड़ रुपये के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) मांग के आदेश पर रोक लगा दी है।

कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि सरकार ने अभी तक कंपनी के खिलाफ करीब 23,000 करोड़ रुपये की कुल जीएसटी मांग की है। इसमें डेल्टा कॉर्प समूह के कैसीनो और ऑनलाइन गेमिंग व्यवसाय के लिए भुगतान नहीं किए गए कर शामिल हैं।

कंपनी ने बताया कि जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (हैदराबाद) ने 22 सितंबर को कंपनी के खिलाफ तीन मांग नोटिस जारी किए, जिसमें सिक्किम स्थित कैसीनो डेल्टिन डेन्जोंग के संबंध में डेल्टा कॉर्प लिमिटेड द्वारा करों का पूर्ण भुगतान न करने के लिए 628 करोड़ रुपये से अधिक की मांग भी शामिल हैं।

कंपनी ने कहा, ‘‘उसके द्वारा उपरोक्त मांग को चुनौती देने वाली रिट याचिका पर गौर करते हुए सिक्किम उच्च न्यायालय ने अपने 20 अक्टूबर 2023 के आदेश में अगली सुनवाई तक मामले में यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है।’’

First Published : October 22, 2023 | 8:10 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)