कंपनियां

चाय बोर्ड ने सर्दियों में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को बंद करने का दिया आदेश

बोर्ड के आदेश के अनुसार दार्जिलिंग, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के सभी चाय कारखानों के लिए हरी पत्तियां तोड़ने या लेने की आखिरी तारीख 11 दिसंबर तय की गई है।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 11, 2023 | 12:35 PM IST

चाय बोर्ड ने अगले साल की पहली छमाही में बेहतर फसल के लिए उत्तर भारत में सर्दियों में चाय उत्पादक क्षेत्रों में विनिर्माण इकाइयों को बंद करने का आदेश दिया है। बोर्ड के आदेश के अनुसार दार्जिलिंग, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के सभी चाय कारखानों के लिए हरी पत्तियां तोड़ने या लेने की आखिरी तारीख 11 दिसंबर तय की गई है। वहीं पश्चिम बंगाल के दुआर तथा तराई क्षेत्र और बिहार के लिए तारीख 23 दिसंबर है।

दार्जिलिंग, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कारखानों में हरी पत्ती के प्रसंस्करण की अंतिम तारीख 13 दिसंबर, जबकि तराई, दुआर और बिहार के लिए तारीख 26 दिसंबर है। आदेश में कहा गया कि दार्जिलिंग, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के लिए छंटाई, पैकिंग और पैक की गई चाय को अधिसूचित भंडारण क्षेत्रों में बिल मार्किंग के साथ ले जाने की अंतिम तिथि 26 दिसंबर होगी।

यह भी पढ़ें : Goodricke को इस वित्त वर्ष में मुनाफे में लौटने की उम्मीद

पश्चिम बंगाल के दुआर तथा तराई क्षेत्र और बिहार में सीटीसी किस्म के लिए छह जनवरी 2024 और हरी चाय किस्मों के लिए 11 जनवरी 2024 की तारीख तय की गई है। चाय उद्योग के अनुसार ‘विंटर डॉर्मेंसी’ (शीतकालीन प्रसुप्तावस्था) के कारण चाय बागानों का बंद किया गया है। इस अवधि में चाय की झाड़ियां बढ़ती नहीं हैं।

First Published : October 11, 2023 | 12:35 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)