विधानसभा चुनाव

West Bengal Election Results 2026: रुझानों में BJP को प्रचंड बहुमत, TMC को बड़ा झटका

West Bengal Results 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 की मतगणना में BJP को शुरुआती बढ़त, TMC पीछे, जबकि एग्जिट पोल में कड़ा मुकाबला और मिश्रित रुझान सामने आए।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 04, 2026 | 4:47 PM IST

West Bengal Election Results 2026 Live: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक अब तक बीजेपी 190 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि टीएमसी महज लगभग 80+ सीटों पर आगे है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी भवानीपुर सीट से आगे चल रही हैं, जो उनके लिए एक अहम सीट मानी जाती है। इस बार का चुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि इससे यह तय होगा कि तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी कर पाएगी या BJP राज्य में पहली बार सरकार बनाने का इतिहास रचेगी।

राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से 293 सीटों पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। यह प्रक्रिया 23 जिलों के 77 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रही है। कुल 2,926 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज हो रहा है।

मतगणना को पारदर्शी बनाने के लिए चुनाव आयोग ने अतिरिक्त पर्यवेक्षकों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब तृणमूल कांग्रेस ने हाल ही में मतगणना प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई थी।

रिकॉर्ड मतदान, TMC vs BJP में सीधी टक्कर

पश्चिम बंगाल में इस बार विधानसभा चुनाव के दौरान रिकॉर्ड स्तर पर मतदान दर्ज किया गया। राज्य में दो चरणों में हुए मतदान में कुल 92.47 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो अब तक के सबसे ऊंचे आंकड़ों में शामिल है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ, जिसमें 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं 29 अप्रैल को हुए दूसरे चरण में भी 91.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, यह आंकड़ा आजादी के बाद राज्य में सबसे ज्यादा मतदान में से एक है। हालांकि, इस बार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विवाद भी देखने को मिला। इस प्रक्रिया के कारण पंजीकृत मतदाताओं की संख्या में करीब 11 प्रतिशत की कमी आई, जिस पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए।

यह पढ़ें: Tamil Nadu Election Results 2026: तमिलनाडु में सुपरस्टार विजय की आंधी! रुझानों में TVK 100 सीटों के पार

मुख्य मुकाबला किनके बीच

इस चुनाव में सबसे बड़ा मुकाबला सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं, जबकि बीजेपी राज्य में पहली बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है।

वहीं कभी बंगाल की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाली कांग्रेस और माकपा भी इस बार अपनी खोई जमीन वापस पाने की कोशिश कर रही हैं। पिछली विधानसभा चुनाव में इन दोनों दलों को बड़ा झटका लगा था। इसके अलावा All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen और आम जनता उन्नयन पार्टी जैसी अन्य पार्टियां भी कुछ चुनिंदा सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।

भवानीपुर सीट पर खास नजर

सबसे चर्चित सीटों में भवानीपुर शामिल है, जहां से ममता बनर्जी एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। यह सीट राजनीतिक रूप से काफी अहम मानी जाती है। खासकर मतदाता सूची में बदलाव को लेकर उठे सवालों के बीच यहां का मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

फाल्टा सीट पर सभी 285 बूथों में दोबारा मतदान का आदेश

पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने यहां के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है। यह फैसला दूसरे चरण के दौरान सामने आई गंभीर चुनावी अनियमितताओं के बाद लिया गया है। रिपोलिंग की तारीख 21 मई तय की गई है।

चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान प्रक्रिया में कई जगहों पर गड़बड़ियों और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिली थीं। इन्हीं कारणों से पूरे क्षेत्र में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए फिर से वोटिंग कराई जाएगी।

एग्जिट पोल में कांटे की टक्कर का अनुमान

चुनाव के बाद जारी विभिन्न एग्जिट पोल्स में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच कड़ा मुकाबला दिखाया गया है। सर्वे में संकेत मिला है कि इस बार बीजेपी राज्य में अपनी पकड़ काफी मजबूत कर सकती है।

Peoples Pulse के सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC को 177 से 187 सीटें मिलने का अनुमान है, जिससे वह सत्ता में वापसी कर सकती है। वहीं बीजेपी को 95 से 110 सीटों के बीच सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य दलों को सीमित सफलता मिलने का अनुमान है।

इसके विपरीत, P-MARQ के एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है। इसमें अनुमान लगाया गया है कि पार्टी 150 से 175 सीटें जीत सकती है, जबकि TMC को 118 से 138 सीटों तक सीमित रहना पड़ सकता है।

Matrize के सर्वे में मुकाबला और भी करीबी बताया गया है। इसमें बीजेपी को 146 से 161 सीटें और TMC को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य दलों को 6 से 10 सीटों तक सीमित सफलता मिल सकती है।

इसी तरह JVC Exit Poll में भी बीजेपी को मामूली बढ़त दिखाई गई है। इसमें पार्टी को 138 से 159 सीटें और TMC को 131 से 152 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। छोटे दलों के खाते में बहुत कम सीटें जाने की संभावना है।

First Published : May 4, 2026 | 1:39 PM IST