वित्त-बीमा

ICICI बैंक के बीमा उद्यम से निकलेगी प्रूडेंशियल! निवेश समेटने की हो रही तैयारी

इस सूचीबद्ध बीमा कंपनी में प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन की 21.93 फीसदी और आईसीआईसीआई बैंक की 50.95 फीसदी हिस्सेदारी है

Published by
आतिरा वारियर   
मनोजित साहा   
Last Updated- March 18, 2026 | 10:28 PM IST

ब्रिटेन की प्रूडेंशियल पीएलसी के परोक्ष पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स भारत में आईसीआईसीआई बैंक के साथ अपने जीवन बीमा संयुक्त उपक्रम आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस से बाहर निकलने पर विचार कर रही है। कई सूत्रों ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को इसकी जानकारी दी। इस सूचीबद्ध बीमा कंपनी में प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन की 21.93 फीसदी और आईसीआईसीआई बैंक की 50.95 फीसदी हिस्सेदारी है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का बाजार पूंजीकरण 85,393 करोड़ रुपये है।

सूत्रों के अनुसार प्रूडेंशियल निजी क्षेत्र की एक अन्य जीवन बीमा कंपनी भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस में हिस्सेदारी खरीदने के लिए बात कर रही है। कुछ अन्य विदेशी बीमाकर्ता भी भारती एक्सा लाइफ में हिस्सेदारी खरीदने के लिए बात कर रहे हैं। 2000 के दशक की शुरुआत में जब इस क्षेत्र को विदेशी निवेशकों के लिए खोला गया तो प्रूडेंशियल भारतीय बीमा बाजार में शुरुआती निवेश करने वाली कंपनी में से एक थी।

एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस के बाद आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ न्यू बिजनेस प्रीमियम के मामले में निजी क्षेत्र की देश की तीसरी सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी है। नए व्यवसाय प्रीमियम के मामले में वित्त वर्ष 2025 में इसकी बाजार हिस्सेदारी 5.7 फीसदी थी जबकि वित्त वर्ष 2024 में यह 4.8 फीसदी थी। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में 19,228.63 करोड़ रुपये का प्रीमियम एकत्र किया है जो पिछले साल की समान अवधि से 2.42 फीसदी अधिक है।

घटनाक्रम से अवगत एक व्यक्ति ने कहा, ‘100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के लिए सरकारी मंजूरी से भारतीय बीमा क्षेत्र में वैश्विक कंपनियों के लिए कई अवसर खुलने की उम्मीद है। प्रूडेंशियल ने पिछले 25 वर्षों से अपनी उपस्थिति के कारण भारतीय बीमा बाजार का बारीकी से अवलोकन किया है और वह हालात से अच्छी तरह वाकिफ है।’

पिछले साल अलायंज एसई ने बजाज फिनसर्व के साथ अपने 24 साल के संयुक्त उपक्रम को समाप्त कर दिया था और जीवन बीमा तथा सामान्य बीमा दोनों संयुक्त उपक्रम में अपनी हिस्सेदारी बेच दी थी। अलायंज ने अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी की जियो फाइनैंशियल सर्विसेज के साथ पुनर्बीमा उद्यम के लिए साझेदारी की है।

सूत्रों ने बताया कि प्रूडेंशियल भारत में अपनी रणनीति को मजबूत करने की योजना बना रही है, जिसमें नवीन तहिलयानी की नियुक्ति भी शामिल है। तहिलयानी ने पिछले साल प्रूडेंशियल पीएलसी के क्षेत्रीय सीईओ का जिम्मा संभाला था और वह भारत, अफ्रीका, फिलीपींस और कंबोडिया, लाओस और म्यांमार में कंपनी के कारोबार को देखते हैं।

इस बारे में पूछे जाने पर प्रूडेंशियल के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम बाजार की अफवाहों या अटकलों पर टिप्पणी नहीं करते हैं।’ खबर लिखे जाने तक आईसीआईसीआई बैंक, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस और भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस से कोई जवाब नहीं आया।

First Published : March 18, 2026 | 10:21 PM IST