वित्त-बीमा

PM मोदी ने सिटीग्रुप प्रमुख जेन फ्रेजर से की मुलाकात; निवेश, AI और क्लीन एनर्जी पर चर्चा

पीएम मोदी ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी सोच साझा की और आर्थिक विकास व निवेश को गति देने के तरीकों पर चर्चा की।

Published by
अंजलि कुमारी   
Last Updated- June 04, 2026 | 11:40 AM IST

PM Modi Jane Fraser Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सिटीग्रुप (Citigroup) की चेयर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेन फ्रेजर से मुलाकात की। इस दौरान भारत में निवेश के अवसरों, पूंजी प्रवाह, वैकल्पिक ऊर्जा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे विषयों पर चर्चा हुई। बैंक ने एक बयान में यह जानकारी दी।

चर्चा का मुख्य फोकस भारत के आर्थिक विकास एजेंडा और देश की विकास प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में सिटीग्रुप की संभावित भूमिका पर रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी सोच साझा की और आर्थिक विकास तथा निवेश को गति देने के तरीकों पर चर्चा की।

वैश्विक निवेश आकर्षित करने पर मंथन

सिटीग्रुप के अनुसार, बैठक में भारत में वैश्विक निवेश आकर्षित करने, भारतीय कंपनियों के विदेशों में विस्तार को समर्थन देने और रिन्यूएबल एनर्जी व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा में सोलर एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन सहित वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास के साथ-साथ आर्थिक विकास को समर्थन देने में एआई और उससे जुड़े नियामकीय ढांचे की भूमिका पर भी बात हुई।

ये भी पढ़ें… रिलायंस, IOC, BPCL सब फिसले… इस अदाणी कंपनी ने कैसे मारी बाजी?

सिटी ने अपने बयान में कहा, “प्रधानमंत्री ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आर्थिक विकास और गति को तेज करने संबंधी अपनी सोच साझा की। चर्चा में भारत में निवेश और पूंजी प्रवाह, विदेशों में भारतीय कॉरपोरेट क्षेत्र के अवसर, वैकल्पिक ऊर्जा और AI जैसे कई विषय शामिल रहे। दोनों पक्षों ने इस बात पर विचार किया कि सिटी भारत के आर्थिक एजेंडे को आगे बढ़ाने, वैश्विक निवेशकों को भारत की ओर आकर्षित करने और नए बाजारों में विस्तार कर रही भारतीय कंपनियों को समर्थन देने में किस तरह और अधिक भूमिका निभा सकता है।”

125 वर्षों से भारत में ऑपरेशन चला रहा सिटीबैंक

जेन फ्रेजर के साथ सिटी इंडिया एवं इंडियन सबकॉन्टिनेंट सब-क्लस्टर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और बैंकिंग प्रमुख के. बालासुब्रमणियन भी मौजूद थे। सिटी के अधिकारियों ने भारत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और बताया कि बैंक लगभग 125 वर्षों से भारत में परिचालन कर रहा है।

यह बैठक ऐसे समय हुई है जब सिटीग्रुप 3 से 5 जून के बीच मुंबई में अपना इंडिया कॉन्फ्रेंस आयोजित कर रहा है। इस सम्मेलन में 1,500 से अधिक ग्राहक और निवेशक हिस्सा ले रहे हैं। इस कॉन्फ्रेंस का मकसद वैश्विक निवेशकों के सामने भारत में उपलब्ध निवेश अवसरों को प्रस्तुत करना है। सिटीग्रुप साल 2027 में भारत में अपने ऑपरेशंस के 125 वर्ष पूरे करने जा रहा है।

First Published : June 4, 2026 | 11:40 AM IST