अक्षय तृतीया इस बार रविवार और सोमवार को पड़ रही है। लेकिन इससे पहले ही मांग में तेजी दिखने लगी। यह मांग सोने-चांदी के लिए ही नहीं, बल्कि शादी-ब्याह के गहनों के लिए भी है। मांग को सोने की कीमतों में हाल में आई गिरावट से भी बढ़ावा मिला है। भले ही कुछ बाजारों में ग्राहक कम हों और लोगों का बजट भी पिथले वर्ष जितना ही हो, लेकिन पिछले साल के मुकाबले सोने की कीमतों में आई तेजी के कारण उन्हें उतने ही पैसे में कम सोना मिल रही है। इसके बावजूद, सोने में निवेश के इच्छुक लोगों का उत्साह अभी भी बना हुआ है।
नई दिल्ली के मशहूर आभूषण बाजार दरीबा कलां में उत्साह स्पष्ट तौर पर महसूस किया जा सकता है। राधे किशन गोपाल किशन ज्वैलर्स के मालिक और मार्केट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष गौरव गुप्ता ने कहा, ‘चूंकि यह त्योहार दो दिन है। इसलिए भीड़ बहुत ज्यादा नहीं है। लेकिन बिक्री की रफ्तार मजबूत बनी हुई है। हम चांदी और सोने के सिक्कों, साथ ही अंगूठी और हार जैसे गहनों की अच्छी मांग देख रहे हैं। यह शुभ दिन है और इन दोनों महंगी धातुओं की कीमतें ज्यादा होने के बावजूद इनकी मांग मजबूत बनी हुई है। शादी के आगामी सीजन से भी इसे बढ़ावा मिल रहा है।’
पास के ही दुकानदार रतन चंद ज्वाला नाथ ज्वैलर्स के मालिक तरुण गुप्ता के लिए कारोबार फिर से सामान्य हो गया है। उन्होंने कहा, ‘लोगों ने सोने की नई कीमतों के साथ तालमेल बिठा लिया है। वे पूरे उत्साह के साथ सिक्के और गहने, दोनों खरीद रहे हैं। शादी का सीजन नजदीक आने से भारी गहनों की मांग में बढ़ोतरी देखकर हमें सुखद आश्चर्य हुआ है।’ मुंबई के जवेरी बाजार में, कुछ दुकानें बंद रहीं क्योंकि वे त्योहार सोमवार मनाएंगी।
हालांकि, अक्षय तृतीया से पहले सोने की मांग में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि शादी के गहनों की मांग काफी ज्यादा रही। जवेरी बाजार में सौ साल पुराने आभूषण स्टोर उमेदलाल तिलोकचंद जवेरी के मालिक कुमार जैन ने कहा, ‘मांग काफी मजबूत रही है और पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत ज्यादा है। प्री-बुकिंग भी जोरदार रही है। शादी के गहनों के मामले में हम देख रहे हैं कि बहुत से ग्राहक अपने पुराने सोने के गहने बदलने के लिए आ रहे हैं।’
मुंबई के जौहरी ‘पॉपली ऐंड संस’ में भी मांग पिछले साल के मुकाबले मजबूत बनी हुई है और यह पूरी तरह से निवेश वाली है।
एमेजॉन इंडिया पर मांग में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। एमेजॉन इंडिया में फैशन और ब्यूटी खंड के निदेशक सिद्धार्थ भगत ने कहा, ‘अक्षय तृतीया से पहले हमने शानदार तेजी देखी। सोने के गहनों की बिक्री में सालाना आधार पर लगभग 2 गुना, चांदी में 2.5 गुना और सिक्कों में लगभग 2 गुना बढ़ोतरी हुई है। गहनों को अब तेजी से भरोसेमंद निवेश और रोजमर्रा के पहनावे के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें फाइन ज्वैलरी में लगभग 2 गुना और कीमती ज्वैलरी में 3.7 गुना बढ़ोतरी हुई है।’
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने कल्याण ज्वैलर्स के साथ साझेदारी की थी ताकि ‘गोल्ड रेट प्रोटेक्शन’ की सुविधा दी जा सके। इस फीचर से ग्राहक रोजाना के सोने के रेट को लॉक कर सकते थे और अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीद सकते थे, उस रेट पर जो भी कम हो, चाहे वह लॉक-इन रेट हो या उस दिन का मार्केट रेट। 10 अप्रैल से 16 अप्रैल, 2026 के बीच ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप पर कल्याण ज्वैलर्स के चुनिंदा सोने के सिक्के चुन सकते थे और 5 फीसदी अग्रिम भुगतान करके उन्हें प्री-बुक कर सकते थे। यह अग्रिम भुगतान 0.5 ग्राम सोने के सिक्के के लिए 500 रुपये से शुरू होता था और ग्राहक अक्षय तृतीया के दिन अपने सिक्के की डिलीवरी ले सकते थे।