राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 3,000 रुपये बढ़कर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं चांदी 10,000 रुपये बढ़कर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अमेरिका-ईरान तनाव में कूटनीतिक समाधान के संकेतों से इन कीमती धातुओं में दिलचस्पी फिर से बढ़ गई है।
स्थानीय बाजार के जानकारों के मुताबिक, 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत गुरुवार के 1,53,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 3,000 रुपये बढ़कर 1,56,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। चांदी की कीमत में भी जोरदार उछाल आई और यह 10,000 रुपये बढ़कर 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। पिछले सत्र में चांदी 2,45,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, शुक्रवार को सोने की कीमत में जोरदार उछाल आई। अमेरिका-ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने कीमती धातुओं के बाजार धारणा को बेहतर बनाया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ नियोजित सैन्य हमलों को रद्द करने की घोषणा के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बातचीत में प्रगति की खबरों ने भी इस सुधार में मदद की।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 4,206.88 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी भी 0.48 फीसदी घटकर 67.02 डॉलर प्रति औंस रह गई। हालांकि कुछ मुनाफावसूली के बावजूद इसने अपनी हाल की बढ़त का बड़ा हिस्सा बनाए रखा है।
मिरे ऐसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि बाजार ने ट्रंप के इस बयान का स्वागत किया कि समझौता पूरा होने के करीब है, हालांकि अभी भी कई अनिश्चितताएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा, कई सवाल और कमियां हैं, लेकिन बाजार उत्साहित हैं।