Petrol-Diesel Price Today, May 15: देश में लंबे समय से स्थिर चल रहे पेट्रोल और डीजल के दामों में आखिरकार बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को प्रति लीटर 3 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
देश की राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 94.77 रुपये थी। वहीं डीजल की कीमत भी बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जो पहले 89.67 रुपये थी।
तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खासकर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बाद कच्चे तेल के दाम तेजी से ऊपर गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कीमतों में यह बढ़ोतरी वास्तविक जरूरत का सिर्फ एक छोटा हिस्सा है। कंपनियों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर बढ़े हुए दामों के मुकाबले घरेलू बाजार में पूरी बढ़ोतरी नहीं की गई है।
नीचे पेट्रोल और डीजल की नई कीमतों की टेबल में देखें लेटेस्ट रेट:
| शहर | पेट्रोल (₹/लीटर) | डीजल (₹/लीटर) |
|---|---|---|
| नई दिल्ली | 97.77 | 90.67 |
| कोलकाता | 108.74 | 95.13 |
| मुंबई | 106.64 | 93.14 |
| चेन्नई | 103.90 | 95.47 |
| गुरुग्राम | 98.29 | 90.77 |
| नोएडा | 98.04 | 91.31 |
| बेंगलुरु | 106.17 | 94.10 |
| भुवनेश्वर | 104.57 | 96.11 |
| चंडीगढ़ | 97.27 | 85.25 |
| हैदराबाद | 110.89 | 98.96 |
| जयपुर | 108.19 | 93.43 |
| लखनऊ | 97.58 | 90.87 |
| पटना | 108.55 | 94.63 |
| तिरुवनंतपुरम | 110.75 | 99.63 |
सरकारी तेल कंपनियों ने करीब चार साल से ईंधन की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी नहीं की थी। 2022 के बाद से कीमतों को स्थिर रखा गया था ताकि आम लोगों पर महंगाई का बोझ न बढ़े।
हालांकि इस दौरान मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में थोड़ी कमी की गई थी।
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर Sanjay Malhotra ने हाल ही में कहा है कि अगर पश्चिम एशिया का तनाव लंबे समय तक जारी रहता है तो देश में ईंधन की कीमतें बढ़ सकती हैं। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना रहता है तो उसका असर धीरे-धीरे घरेलू बाजार में भी दिखता है।
इससे पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से संयम बरतने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, गैर जरूरी खर्च टालने और सोने की खरीदारी फिलहाल स्थगित करने का आग्रह किया था, ताकि देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम किया जा सके।
ईंधन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की खबरों के बीच बाजार में चिंता का माहौल देखा गया है। कई जगहों पर लोगों ने एहतियात के तौर पर पेट्रोल पंपों पर पहले से ही ईंधन भरवाना शुरू कर दिया, जिससे कुछ स्थानों पर भीड़ बढ़ गई।
देश की प्रमुख तेल कंपनियां जैसे Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum Corporation Ltd और Hindustan Petroleum Corporation Ltd घरेलू ईंधन की कीमतें तय करने और सप्लाई बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं।
इन कंपनियों ने 2022 में दैनिक मूल्य संशोधन को रोक दिया था ताकि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में आए भारी उछाल का असर सीधे भारतीय उपभोक्ताओं पर न पड़े।
भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम हर दिन सुबह 6 बजे अपडेट किए जाते हैं। ये बदलाव अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों और रुपये-डॉलर की स्थिति के आधार पर होते हैं।
अगर आप अपने शहर या इलाके में आज के पेट्रोल-डीजल के दाम जानना चाहते हैं, तो आप SMS के जरिए आसानी से पता कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए: अगर दिल्ली का रेट जानना है तो SMS करें: RSP 102090
इस SMS सर्विस से आपको अपने शहर के पेट्रोल और डीजल के आज के ताजा दाम मिल जाएंगे, जिससे आप आसानी से फ्यूल प्राइस ट्रैक कर सकते हैं।