Infosys Q4FY26 results: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q4FY26 में कंपनी का मुनाफा 20.8 फीसदी बढ़कर 8,501 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 7,033 करोड़ रुपये था। इस दिग्गज आईटी कंपनी का रेवेन्यू भी 13.4 फीसदी बढ़ा है। इसके साथ ही कंपनी ने FY26 के लिए प्रति शेयर 25 रुपये का फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया।
शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि चौथी तिमाही में उसका ऑपरेशंस से रेवेन्यू 13.4 फीसदी बढ़कर 46,402 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 40,925 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष में इंफोसिस का नेट प्रॉफिट 10.20 फीसदी बढ़कर 29,440 करोड़ रुपये हो गया, जो 2024-25 में 26,713 करोड़ रुपये था। इसी अवधि में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 9.6 फीसदी बढ़कर 1,78,650 करोड़ रुपये पहुंच गया।
Also Read: भारत बना अल्ट्रा रिच का हॉटस्पॉट, दुनिया में छठे नंबर पर; मुंबई सबसे आगे
FY27 के लिए इंफोसिस ने स्थिर मुद्रा में 1.5% से 3.5% तक रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान दिया है।
इंफोसिस के सीईओ और एमडी सलिल पारेख ने कहा, “हमने FY26 में 3.1% की वृद्धि के साथ मजबूत प्रदर्शन किया। 14.9 अरब डॉलर के बड़े डील जीतना हमारे एंटरप्राइज AI वैल्यू प्रपोजिशन की मजबूती और बड़े ट्रांसफॉर्मेशन अवसरों में हमारी बढ़ती बाजार हिस्सेदारी को दर्शाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि AI सेवाओं की हमारी रणनीति, जो छह प्रमुख क्षेत्रों में फैली है, बाजार में तेजी से स्वीकार की जा रही है। मजबूत AI पार्टनरशिप इकोसिस्टम के जरिए हमारे क्लाइंट्स को AI से बेहतर वैल्यू मिल रही है।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के अंत में इंफोसिस के कुल कर्मचारियों की संख्या 3,28,594 रही।
इंफोसिस के चीफ फाइनैंशियल ऑफिसर जयेश संघराजका ने कहा कि कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2027 में 20,000 नए कर्मचारियों को नियुक्त करने की है।
(PTI इनपुट के साथ)