पिछले सप्ताह छुट्टियों के कारण कम कारोबारी सत्रों के बावजूद शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के बीच सेंसेक्स की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ का कुल बाजार पूंजीकरण 1,87,497.45 करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें भारती एयरटेल सबसे ज्यादा लाभ में रही। पिछले सप्ताह, बीएसई सेंसेक्स 943.29 अंक यानी 1.21 फीसदी बढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 302.95 अंक यानी 1.25 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।
10 अग्रणी कंपनियों में भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन सबसे अधिक 58,831.52 करोड़ रुपये बढ़कर 11,25,125.21 करोड़ रुपये हो गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 27,608.62 करोड़ रुपये बढ़कर 5,32,691.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने अपने बाजार मूल्यांकन में 20,731.64 करोड़ रुपये जोड़े, जिससे इसका कुल मूल्यांकन 9,34,063.56 करोड़ रुपये हो गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 20,231.05 करोड़ रुपये बढ़कर 18,47,317.84 करोड़ रुपये और लार्सन ऐंड टुब्रो (एलऐंडटी) का मूल्यांकन 18,577.91 करोड़ रुपये बढ़कर 5,63,314.50 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 16,163.04 करोड़ रुपये घटकर 12,31,315.53 करोड़ रुपये रह गया।
बजाज फाइनैंस के मूल्यांकन में भी 9,769.3 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 5,65,437.17 करोड़ रुपये पर आ गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही, जिसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनैंस, लार्सन ऐंड टुब्रो, इन्फोसिस और एलआईसी का स्थान रहा।