Tata Steel Stock: स्टील सेक्टर की दिग्गज कंपनी Tata Steel के शेयर में सोमवार को दबाव देखने को मिला। 18 मई को दोपहर 12:40 बजे Tata Steel का शेयर करीब 7.65 रुपये यानी 3.53 फीसदी टूटकर 209.15 रुपये पर कारोबार कर रहा था। वहीं उसी समय बीएसई सेंसेक्स करीब 86 अंक यानी 0.11 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 75,152 के आसपास ट्रेड कर रहा था। यानी बाजार के मुकाबले Tata Steel के शेयर में ज्यादा कमजोरी देखने को मिली।
हालांकि शेयर में गिरावट के बावजूद कई बड़ी ब्रोकरेज कंपनियां Tata Steel को लेकर अभी भी भरोसे में हैं। कंपनी के मार्च तिमाही नतीजों के बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने BUY रेटिंग बरकरार रखी है और आने वाले समय में अच्छी तेजी की उम्मीद जताई है।
कंपनी के चौथी तिमाही के नतीजे मजबूत रहे। घरेलू बाजार में स्टील की कीमतों में सुधार और बिक्री बढ़ने की वजह से कंपनी की कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला। भारत कारोबार में प्रति टन EBITDA बढ़कर करीब 15,000 रुपये से ऊपर पहुंच गया। वहीं यूरोप कारोबार में भी स्थिति पहले के मुकाबले बेहतर होती दिखी। खासतौर पर नीदरलैंड यूनिट ने अच्छा प्रदर्शन किया जबकि UK कारोबार में घाटा कम हुआ।
यह पढ़ें: ₹2.5 लाख करोड़ के ऑर्डर बुक वाली HAL पर ब्रोकरेज बुलिश, 36% तक तेजी की उम्मीद
Emkay ने Tata Steel पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए 230 रुपये का टारगेट दिया है। मौजूदा स्तर से यह करीब 10 फीसदी तक की संभावित तेजी दिखाता है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की चौथी तिमाही उम्मीद से बेहतर रही। घरेलू बाजार में मजबूत स्टील कीमतों और वॉल्यूम ग्रोथ का फायदा कंपनी को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक आने वाली तिमाहियों में भी मार्जिन बेहतर रहने की उम्मीद है। Emkay का मानना है कि Europe कारोबार में लागत घटाने और बेहतर कीमतों की वजह से धीरे-धीरे सुधार देखने को मिलेगा।
Antique Stock Broking ने Tata Steel पर BUY रेटिंग रखते हुए 235 रुपये का टारगेट दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 12 फीसदी तक की संभावित तेजी दिखाता है। ब्रोकरेज के मुताबिक घरेलू बाजार में मजबूत स्टील कीमतों और रिकॉर्ड बिक्री की वजह से कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। Tata Steel India की प्रति टन कमाई में भी अच्छा सुधार देखने को मिला। रिपोर्ट में कहा गया है कि FY27 में कंपनी करीब 20 लाख टन अतिरिक्त वॉल्यूम ग्रोथ का लक्ष्य लेकर चल रही है। हालांकि कुकिंग कोल की लागत बढ़ना एक चुनौती बना रह सकता है।
यह पढ़ें: रिलायंस, HDFC और Infosys से पैसा निकालकर कहां लगा रहे विदेशी निवेशक?
Motilal Oswal ने Tata Steel पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए 250 रुपये का टारगेट दिया है। मौजूदा स्तर से यह करीब 20 फीसदी तक की संभावित तेजी दिखाता है। ब्रोकरेज का कहना है कि भारत कारोबार में मजबूत डिमांड, बेहतर कीमतों और बढ़ती बिक्री का फायदा कंपनी को मिला है। कंपनी की स्टील डिलीवरी और उत्पादन दोनों में अच्छी बढ़त देखने को मिली। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Europe कारोबार अभी breakeven के आसपास है, लेकिन आने वाले समय में कीमतों में सुधार और लागत कम करने की कोशिशों से मार्जिन बेहतर हो सकते हैं।
Nuvama ने Tata Steel पर HOLD रेटिंग दी है और 209 रुपये का टारगेट रखा है, जो मौजूदा स्तर के आसपास ही है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के नतीजे अनुमान के मुताबिक रहे, लेकिन Europe कारोबार में अभी भी दबाव बना हुआ है। हालांकि भारत में स्टील कीमतों में सुधार से आने वाली तिमाहियों में कमाई बेहतर हो सकती है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)