Stock Market: मेटल और IT शेयरों में बिकवाली और ग्लोबल मार्केट के कमजोर रुख के कारण हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को देसी शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुए।
आज के कारोबार में BSE सेंसेक्स 671 अंक कमजोर हुआ। वहीं, निफ्टी (Nifty) में भी 198 अंक की गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजारों में, BSE मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में क्रमश: 0.87 फीसदी और 0.36 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 670.93 अंक यानी 0.93 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 71,355.22 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में आज 71,301.04 और 72,181.77 के रेंज में कारोबार हुआ।
Also read: चार साल बाद मुनाफे के कगार पर पहुंची Upstox; CEO ने कहा- ग्राहक बढ़े, अब जोर मुनाफा वृद्धि पर
वहीं, दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी (Nifty) में भी 197.80 अंक यानी 0.91 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 21,513.00 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में आज 21,492.90 और 21,763.95 के रेंज में कारोबार हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, नेस्ले, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, पावर ग्रिड, सन फार्मा, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और टाइटन शामिल हैं।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। जापान का बाजार आज अवकाश के कारण बंद रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.81 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 1,696.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 178.58 और एनएसई निफ्टी 52.20 अंक मजबूत हुआ था।
(भाषा के इनपुट के साथ)