Consumer Durable Stocks: लोगों के खरीदारी करने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। अब सिर्फ जरूरत की चीजें खरीदने के बजाय लोग ज्यादा प्रीमियम और फीचर वाले प्रोडक्ट्स पर पैसा खर्च कर रहे हैं। खासकर एयर कंडीशनर और बड़ी स्क्रीन वाले टीवी की मांग तेजी से बढ़ रही है। एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग की एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई अब ऐसा बाजार बनता जा रहा है जहां ग्रोथ सिर्फ ज्यादा बिक्री से नहीं, बल्कि महंगे और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग से आ रही है। अलग-अलग इलाकों में ग्राहकों का व्यवहार भी अलग दिख रहा है। कहीं नए रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स और बड़े घरों की वजह से प्रीमियम सामान ज्यादा बिक रहा है, तो कहीं छोटे घर और जगह की कमी अब भी खरीदारी को प्रभावित कर रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि एयर कंडीशनर इस समय मुंबई का सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रोडक्ट बन गया है। AC की मांग में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई है। बढ़ती गर्मी, ज्यादा इस्तेमाल और पुराने AC बदलने की वजह से अब लोग इसे लग्जरी नहीं बल्कि जरूरत की चीज मानने लगे हैं। सबसे ज्यादा बिक्री 1.5 टन वाले AC की हो रही है, जबकि 2 टन वाले मॉडल की हिस्सेदारी अभी कम है। प्रीमियम इलाकों में लोग ज्यादा फीचर और बड़ी क्षमता वाले मॉडल खरीद रहे हैं। LG और Daikin को सबसे मजबूत ब्रांड बताया गया है। हालांकि कंपनियों ने कच्चे माल की महंगाई की वजह से कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है, लेकिन आसान EMI और फाइनेंस विकल्पों के कारण मांग पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।
मुंबई में टीवी बाजार भी तेजी से बदल रहा है। अब लोग छोटी स्क्रीन छोड़कर 55 इंच या उससे बड़े टीवी खरीदने की तरफ बढ़ रहे हैं। खासकर नए और बड़े फ्लैट्स में एक ही घर में एक से ज्यादा टीवी रखने का ट्रेंड भी बढ़ रहा है। Samsung, LG और Sony प्रीमियम टीवी बाजार में सबसे मजबूत ब्रांड बने हुए हैं। वहीं TCL कम कीमत और आक्रामक प्राइसिंग की वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। रिपोर्ट में Samsung को सबसे ज्यादा बिकने वाला ब्रांड बताया गया है। टीवी की कीमतों में 6 से 12 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। Sony के कुछ मॉडल्स में कीमतें और ज्यादा बढ़ी हैं। इसके बावजूद फाइनेंस स्कीम्स और EMI ऑफर के कारण लोग प्रीमियम टीवी खरीदने से पीछे नहीं हट रहे।
यह पढ़ें: AI की आंधी में भारत पीछे! ताइवान बना दुनिया का 5वां सबसे बड़ा शेयर बाजार, TSMC ने कर दिया कमाल
फ्रिज की मांग बहुत तेज नहीं बढ़ रही, लेकिन लोग अब बड़े और प्रीमियम मॉडल की तरफ बढ़ रहे हैं। डबल डोर फ्रिज सबसे ज्यादा बिक रहे हैं, जबकि साइड-बाय-साइड फ्रिज की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है। LG और Samsung इस कैटेगरी में सबसे आगे हैं। इनके बाद Haier, Whirlpool और Godrej का नाम आता है। फ्रिज की कीमतों में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, लेकिन मांग पर इसका ज्यादा असर नहीं दिखा। हालांकि रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई के पुराने इलाकों में छोटे फ्लैट और जगह की कमी की वजह से बड़े फ्रिज की बिक्री सीमित बनी हुई है।
वॉशिंग मशीन की मांग में 5 से 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई है। ज्यादातर लोग पुराने प्रोडक्ट बदल रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि मानसून के दौरान इस कैटेगरी की मांग और बढ़ सकती है। टॉप-लोड मशीनें अभी भी सबसे ज्यादा बिक रही हैं, लेकिन प्रीमियम ग्राहकों में फ्रंट-लोड मशीनों की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है। LG और IFB इस कैटेगरी में सबसे मजबूत ब्रांड हैं, जबकि Samsung और Bosch भी मजबूत मौजूदगी बनाए हुए हैं। कुछ सेगमेंट में कीमतों में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। हालांकि कई इलाकों में पानी की कम सप्लाई और जगह की कमी की वजह से फ्रंट-लोड मशीनों की मांग सीमित बनी हुई है।
फैन की कुल बिक्री भले ज्यादा नहीं बढ़ी हो, लेकिन बिजली बचाने वाले BLDC फैन तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। Atomberg, Crompton और Usha जैसे ब्रांड्स की मांग बढ़ रही है। खासकर Atomberg को BLDC फैन सेगमेंट में मजबूत ब्रांड बताया गया है। कंपनियों ने फैन की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है, लेकिन बिजली बचत और प्रीमियम डिजाइन की वजह से लोग इन्हें खरीद रहे हैं।
इसके अलावा एयर फ्रायर, चिमनी और इंडक्शन कुकटॉप जैसे किचन प्रोडक्ट्स की बिक्री भी बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक नए घर, मॉड्यूलर किचन और लाइफस्टाइल अपग्रेड इस मांग को बढ़ा रहे हैं। Faber को चिमनी सेगमेंट में मजबूत ब्रांड बताया गया है।
एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग ने Consumer Durable Sector को लेकर अपना रुख मजबूत रखा है। ब्रोकरेज ने LG Electronics पर ‘BUY’ रेटिंग देते हुए 1,703 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसके अलावा Havells पर 1,556 रुपये, Crompton पर 344 रुपये और Eureka Forbes पर 633 रुपये का टारगेट देते हुए ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी गई है। वहीं Blue Star पर 1,697 रुपये, Voltas पर 1,371 रुपये और Bajaj Electricals पर 331 रुपये का टारगेट प्राइस देते हुए ‘HOLD’ रेटिंग दी गई है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)