Cyient Share Buyback: इंजीनियरिंग, रिसर्च और टेक्नोलॉजी सेवाएं देने वाली कंपनी साइएंट ने मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इस बार कंपनी के नतीजे पूरी तरह से एक जैसे नहीं रहे। एक तरफ मुनाफे में बड़ी गिरावट देखने को मिली, वहीं दूसरी तरफ कंपनी ने 720 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक का ऐलान करके निवेशकों को राहत देने की कोशिश की है।
इससे साफ है कि कंपनी फिलहाल ऑपरेशनल दबाव का सामना कर रही है, लेकिन मैनेजमेंट को अपने बिजनेस और भविष्य की ग्रोथ पर भरोसा बना हुआ है। कंपनी का मानना है कि मौजूदा शेयर कीमत उसकी असली वैल्यू को नहीं दिखा रही, इसलिए बायबैक के जरिए निवेशकों को फायदा पहुंचाया जाएगा।
साइएंट ने घोषणा की है कि वह 64 लाख तक शेयर 1,125 रुपये प्रति शेयर के भाव पर वापस खरीदेगी। यह कीमत मौजूदा बाजार भाव से करीब 20 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने 2019 के बाद पहली बार इस तरह का बायबैक किया है। इस बार कंपनी ने डिविडेंड नहीं देने का फैसला किया है और बायबैक को प्राथमिकता दी है।
कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन और एमडी कृष्णा बोधनापु का कहना है कि कंपनी के फंडामेंटल मजबूत हैं, लेकिन बाजार में शेयर की कीमत इसकी असली ताकत को नहीं दिखा रही। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के पास मजबूत कैश फ्लो है, जिससे वह एक तरफ निवेशकों को रिटर्न दे सकती है और दूसरी तरफ भविष्य की ग्रोथ में निवेश भी जारी रख सकती है।
यह पढ़ें: Infosys Share: मुनाफा बढ़ने के बावजूद 4% लुढ़का, बेच कर निकल लें; होल्ड करें या BUY का मौका?
जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा घटकर 55 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 170 करोड़ रुपये था। इस गिरावट की मुख्य वजह 71.2 करोड़ रुपये का एक बार का खर्च रहा, जो एक प्रस्तावित अधिग्रहण से जुड़ा था और वह डील पूरी नहीं हो सकी। कंपनी की आय में जरूर बढ़ोतरी हुई। चौथी तिमाही में ऑपरेशन से आय बढ़कर 1,927 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल 1,849 करोड़ रुपये थी। लेकिन इसी दौरान खर्च 5.4 प्रतिशत बढ़कर 1,786 करोड़ रुपये हो गया, जिससे मुनाफे पर असर पड़ा। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी ईबीआईटी 6.8 प्रतिशत गिरकर 56 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल यह 167 करोड़ रुपये था।
इसके साथ ही मार्जिन भी घटकर 8.1 प्रतिशत रह गया, जो पहले 9 प्रतिशत था। यह दिखाता है कि कंपनी की ऑपरेशनल स्थिति पर दबाव बना हुआ है। कंपनी के डिजिटल, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी सेगमेंट ने बेहतर प्रदर्शन किया। इस सेगमेंट की आय 1,500 करोड़ रुपये रही और इसमें सालाना आधार पर 7.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। हालांकि मुनाफे में थोड़ी कमी आई, लेकिन कैश फ्लो मजबूत रहा, जो कंपनी के लिए सकारात्मक संकेत है।
पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की DET सेगमेंट की आय 5,819 करोड़ रुपये रही और इसमें 5.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। मुनाफा भी सालाना आधार पर 7.2 प्रतिशत बढ़कर 588 करोड़ रुपये रहा। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी की लंबी अवधि की ग्रोथ बनी हुई है।
यह पढ़ें: HUL, Nestle, Marico… कौन सा शेयर देगा सबसे ज्यादा कमाई? जानें क्या कह रहे चार्ट
कंपनी ने कहा है कि वह आगे ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए कर्ज या इक्विटी के जरिए फंड जुटाने के विकल्प तलाश रही है। साथ ही, कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर फोकस कर रही है।
साइएंट लिमिटेड के शेयर में शुक्रवार को तेज गिरावट देखने को मिली। स्टॉक करीब 5.52 प्रतिशत टूटकर 884.25 रुपये पर आ गया, जिसमें 51.65 रुपये की गिरावट दर्ज हुई।