डिजिटल निवेश प्लेटफॉर्म Groww (बिलियनब्रेंस गैरेज वेंचर्स) ने मार्च 2026 तिमाही (Q4FY26) में शानदार नतीजे पेश किए, लेकिन इसके बावजूद शेयर में बड़ी तेजी नहीं दिखी। सोमवार को दोपहर के कारोबार में शेयर करीब 200 रुपये के आसपास हल्की बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा।
कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा। Q4FY26 में Groww का रेवेन्यू 87.93 प्रतिशत बढ़कर 1,505 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 801 करोड़ रुपये था। वहीं कंसोलिडेटेड मुनाफा 122 प्रतिशत बढ़कर 686 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 309 करोड़ रुपये था।
कंपनी का EBITDA 141.78 प्रतिशत बढ़कर 939 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 62.35 प्रतिशत हो गया, जो पहले 48.47 प्रतिशत था। यानी कंपनी की ऑपरेटिंग क्षमता और प्रॉफिटेबिलिटी दोनों में सुधार हुआ है।
Groww के कुल ट्रांजैक्शन करने वाले यूजर्स 2.16 करोड़ तक पहुंच गए हैं, जो सालाना आधार पर 25 प्रतिशत ज्यादा हैं। इनमें से 1.67 करोड़ एक्टिव यूजर्स हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी का मार्केट शेयर बढ़कर 28.3 प्रतिशत हो गया है, जो पिछले साल 26.26 प्रतिशत था।
कंपनी के कुल कस्टमर एसेट्स 3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गए हैं, जो सालाना आधार पर 36 प्रतिशत ज्यादा हैं। हालांकि तिमाही आधार पर इसमें 1.1 प्रतिशत की हल्की गिरावट आई है, जिसका कारण बाजार के उतार-चढ़ाव को बताया गया है।
यह भी पढ़ें | PSU Bank Stocks: SBI से लेकर BoB तक उछाल, PSU बैंक शेयर क्यों भागे?
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Groww का वैल्यूएशन काफी ऊंचा हो गया है। कंपनी का वैल्यूएशन उसके एक साल आगे के अनुमानित मुनाफे के 43 गुना पर है, जो Robinhood, Interactive Brokers और Angel One जैसी कंपनियों से ज्यादा है। इससे यह अपने सेगमेंट का सबसे महंगा ब्रोकिंग स्टॉक बन गया है।
BofA सिक्योरिटीज ने Groww पर कवरेज शुरू करते हुए ‘Buy’ रेटिंग दी है और 235 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी नए निवेशकों को जोड़ने और मौजूदा ग्राहकों में प्रोडक्ट इस्तेमाल बढ़ाने के जरिए इंडस्ट्री से तेज ग्रोथ कर सकती है। BofA ने FY26 से FY28 के बीच कंपनी की आय में सालाना 30 प्रतिशत की ग्रोथ का अनुमान लगाया है।