वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक दोनों ने मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया। लेकिन अलग-अलग पैरामीटर्स पर दोनों की तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है।एचडीएफसी बैंक का शुद्ध मुनाफा 9 प्रतिशत बढ़कर 19,221 करोड़ रुपये रहा, जो आईसीआईसीआई बैंक के 13,701.68 करोड़ रुपये (8.5 प्रतिशत वृद्धि) से ज्यादा है। इससे साफ है कि कमाई के मोर्चे पर एचडीएफसी बैंक आगे रहा। वहीं, नेट रेवेन्यू और नेट इंटरेस्ट इनकम में भी एचडीएफसी बैंक ने स्थिर ग्रोथ दिखाई, जबकि आईसीआईसीआई बैंक ने तिमाही आधार पर मजबूत एनआईआई ग्रोथ दर्ज की।
एसेट क्वालिटी के मामले में दोनों बैंकों ने सुधार दिखाया है। एचडीएफसी बैंक का ग्रॉस एनपीए घटकर 1.15 प्रतिशत पर आ गया, जो आईसीआईसीआई बैंक के 1.40 प्रतिशत से कम है। हालांकि नेट एनपीए के स्तर पर आईसीआईसीआई बैंक थोड़ा बेहतर रहा, जहां यह 0.33 प्रतिशत है। जबकि एचडीएफसी बैंक का 0.38 प्रतिशत है। यह दिखाता है कि दोनों बैंक अपने जोखिम को नियंत्रण में रखने में सफल रहे हैं।
| पैरामीटर (Y-o-Y) | HDFC Bank | ICICI Bank |
|---|---|---|
| नेट मुनाफा (करोड़ रुपये) | 19,221 | 13,701.68 |
| प्रॉफिट ग्रोथ | 9.1% | 8.5% |
| GNPA | 1.15% | 1.40% |
| NNPA | 0.38% | 0.33% |
| NII ग्रोथ | 3.8% | 8.4% |
| लोन ग्रोथ | 12% | 15.8% |
| डिपॉजिट ग्रोथ | 12.8% | 11.4% |
| डिविडेंड | 15.50 रुपये (FY26) | 12 रुपये (FY26) |
| CAR | 19.7% | 17.18% |
| ब्रांच नेटवर्क | 9,689 | 7,511 |
(सोर्स: स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग)
ग्रोथ के लिहाज से आईसीआईसीआई बैंक ने ज्यादा आक्रामक प्रदर्शन किया है। बैंक का कुल एडवांस 15.8 प्रतिशत बढ़ा। इसमें रिटेल, बिजनेस बैंकिंग और ग्रामीण सेगमेंट में अच्छी तेजी रही। दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक ने जमा के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया, जहां औसत जमा 12.8 प्रतिशत बढ़कर 28.5 लाख करोड़ रुपये हो गया। इससे बैंक की फंडिंग स्थिति मजबूत बनी हुई है।
डिविडेंड के मामले में एचडीएफसी बैंक थोड़ा आगे दिखता है। बैंक ने वित्त वर्ष 2026 के लिए कुल 15.50 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड घोषित किया है, जबकि आईसीआईसीआई बैंक ने 12 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड की सिफारिश की है। कैपिटल पोजीशन भी दोनों की मजबूत है, लेकिन एचडीएफसी बैंक का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 19.7 प्रतिशत है, जो आईसीआईसीआई बैंक के 17.18 प्रतिशत से ज्यादा है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)