Hindustan Aeronautics Dividend: सरकारी डिफेंस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के शेयर अगले हफ्ते निवेशकों की नजर में रह सकते हैं। कंपनी ने जानकारी दी है कि 29 जून 2026 को होने वाली बोर्ड बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अंतिम डिविडेंड (Final Dividend) पर विचार किया जाएगा।
एचएएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा है कि कंपनी का निदेशक मंडल 29 जून को बैठक करेगा। इस बैठक में अन्य विषयों के साथ वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अंतिम डिविडेंड की सिफारिश पर भी फैसला लिया जाएगा। अगर बोर्ड डिविडेंड को मंजूरी देता है तो शेयरधारकों को एक और नकद इनाम मिल सकता है।
कंपनी ने यह भी बताया कि अंदरूनी लोगों (Insiders), नामित व्यक्तियों, संबंधित लोगों और उनके करीबी रिश्तेदारों के लिए कंपनी के शेयरों में कारोबार करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह रोक 30 जून 2026 को समाप्त होने वाली तिमाही के नतीजे घोषित होने के 48 घंटे बाद तक जारी रहेगी।
यह पढ़ें: आईटी दिग्गज Infosys के Q1 रिजल्ट की तारीख तय, जानिए कब आएंगे नतीजे
एचएएल अपने निवेशकों को लगातार डिविडेंड देती रही है। फरवरी 2026 में कंपनी ने 35 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था। 2025 में कंपनी ने दो बार डिविडेंड दिया था। फरवरी में 25 रुपये और अगस्त में 15 रुपये प्रति शेयर। 2024 में भी कंपनी ने दो बार डिविडेंड दिया था। फरवरी में 22 रुपये और अगस्त में 13 रुपये प्रति शेयर। यानी कंपनी का डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है।
मार्च 2026 तिमाही में एचएएल का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 6 फीसदी बढ़कर 4,196 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3,977 करोड़ रुपये था। कंपनी की परिचालन आय भी 2 फीसदी बढ़कर 13,942 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी अवधि में 13,700 करोड़ रुपये थी।
यह पढ़ें: अब घर बैठे खरीद सकेंगे Apple-Tesla के शेयर! Zerodha-Groww ने दी बड़ी खुशखबरी
दिसंबर 2025 तिमाही के मुकाबले कंपनी के प्रदर्शन में जबरदस्त सुधार देखने को मिला। शुद्ध मुनाफा 1,867 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,196 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व 7,699 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,942 करोड़ रुपये पहुंच गया।
शेयर में हल्की गिरावट मंगलवार को बीएसई पर एचएएल का शेयर 0.66 फीसदी की गिरावट के साथ 4,256.45 रुपये पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में शेयर 4,284.90 रुपये पर बंद हुआ था। अब निवेशकों की नजर 29 जून की बोर्ड बैठक पर होगी, जहां कंपनी के अंतिम डिविडेंड को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।