Kennametal India Dividend: मशीनिंग और इंडस्ट्रियल सेक्टर की दिग्गज कंपनी केन्नामेटल इंडिया लिमिटेड (Kennametal India Limited) के निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3FY26) के जो नतीजे पेश किए हैं, वे न केवल उम्मीदों पर खरे उतरे हैं, बल्कि मुनाफे के मामले में एक बड़ी छलांग भी दिखाई है। इस शानदार प्रदर्शन का सीधा फायदा शेयरहोल्डर्स को मिलने जा रहा है, क्योंकि कंपनी के बोर्ड ने भारी-भरकम अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है।
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 7 मई 2026 को हुई अपनी बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 40 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले एक शेयर पर यह डिविडेंड 400% बैठता है। इसका मतलब है कि जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर हैं, उन्हें हर एक शेयर पर 40 रुपये की कमाई होगी। कंपनी ने इसके लिए 15 मई 2026 की तारीख को ‘रिकॉर्ड डेट’ तय किया है। यानी इस तारीख तक कंपनी के रिकॉर्ड बुक में जिन शेयरहोल्डर्स के नाम होंगे, वे ही इस डिविडेंड के हकदार माने जाएंगे।
Also Read: कमाई का गोल्डन चांस! अगले हफ्ते 12 कंपनियां बांटेगी डिविडेंड, एक शेयर पर ₹40 तक कमाई का मौका
अगर हम कंपनी के प्रदर्शन की बात करें, तो मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही कंपनी के लिए बेहद सफल रही। इस दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू 39% की बढ़त के साथ 403.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 289.6 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी की कुल आय 407.5 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। मुनाफे के मोर्चे पर कंपनी ने सबको चौंकाते हुए पिछले साल के 24.4 करोड़ रुपये के मुकाबले इस बार 51.4 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। टैक्स से पहले का मुनाफा भी 111% की शानदार ग्रोथ के साथ 69.2 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल महज 32.8 करोड़ रुपये था।
BSE पर मौजूद डेटा के मुताबिक, कंपनी के शेयरों की कीमत अभी 3137.15 रुपये है। बीते एक महीने में कंपनी के शेयरों में 40.94 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले तीन महीने में कंपनी का शेयर 48.10 फीसदी उछला है। अगर लंबे समय में कंपनी के शेयरों के प्रदर्शन की बात करें तो बीते एक साल, दो साल और पांच साल में कंपनी के शेयरों में क्रमश: 48.85 फीसदी, 26.24 फीसदी और 204.81 फीसदी का उछाल देखने को मिला है। बीते दस साल में कंपनी का शेयर 312.65 फीसदी उठा है। कंपनी का मार्केट कैप अभी 6,894.90 करोड़ रुपये है।