Oil and Gas Stocks: पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच भारत का ऑयल और गैस सेक्टर भारी दबाव में आ गया है। एंटीक स्टॉक ब्रोकरेज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस संकट के कारण भारत में गैस सप्लाई में करीब 45-47 एमएमएससीएमडी (mmscmd) की कमी आई है। रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्लाई की कमी का सबसे ज्यादा असर GAIL पर पड़ा है, जबकि ONGC को इसका फायदा मिल सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ONGC के लिए आने वाला समय काफी मजबूत दिख रहा है। कंपनी के नए प्रोजेक्ट्स जैसे दमन और केजी बेसिन में उत्पादन बढ़ने वाला है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और विंडफॉल टैक्स की वापसी की संभावना नहीं है। इन सब कारणों से कंपनी की कमाई बढ़ने की उम्मीद है। ब्रोकरेज का मानना है कि मौजूदा स्तर पर ONGC का शेयर आकर्षक है और इसमें निवेश की सलाह दी गई है।
GAIL को गैस सप्लाई में कमी के कारण हर महीने करीब 250 से 300 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। हालांकि, सरकार की गैस पूलिंग व्यवस्था से कंपनी को कुछ राहत मिल रही है, जिससे महंगी गैस खरीदकर नुकसान उठाने से बचाव हो रहा है। शेयर में हाल ही में गिरावट आई है, जिससे अब इसमें निवेश का मौका बन सकता है। ब्रोकरेज ने इस शेयर पर भी ‘बाय’ की सलाह दी है।
यह पढ़ें:गर्मी बनेगी गेमचेंजर! Britannia, Nestle और Marico देंगे तगड़ा रिटर्न? ब्रोकरेज ने बताई पूरी तस्वीर
Petronet LNG के दाहेज टर्मिनल की उपयोग क्षमता घटकर करीब 50 प्रतिशत रह गई है। हालांकि, कंपनी की कमाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है क्योंकि उसका बिजनेस मॉडल सुरक्षित है। ब्रोकरेज का मानना है कि शेयर में ज्यादा गिरावट के बाद अब इसमें जोखिम कम है और आगे सुधार की संभावना है, इसलिए इस पर भी ‘बाय’ की राय बरकरार रखी गई है।
IGL की बिक्री फिलहाल ठीक चल रही है, लेकिन आने वाले समय में कंपनी पर मार्जिन का दबाव बढ़ सकता है। इसका कारण यह है कि सस्ती गैस (APM गैस) की सप्लाई धीरे-धीरे कम हो रही है। ब्रोकरेज के अनुसार, आने वाले 2-3 साल में IGL के मार्जिन पर असर पड़ेगा, इसलिए इस शेयर को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मिडिल ईस्ट संकट के बाद डाउनस्ट्रीम कंपनियों के शेयर जरूरत से ज्यादा गिर गए हैं, जबकि अपस्ट्रीम कंपनियों (जैसे ONGC) को इसका फायदा मिल रहा है। ब्रोकरेज ONGC, GAIL और Petronet LNG को लेकर पॉजिटिव है, जबकि IGL को लेकर सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)