Q4 Results: बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज ने बुधवार को मार्च 2026 तिमाही के लिए अपने कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट (PAT) में 28.7 प्रतिशत बढ़कर 186.9 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का PAT 145.2 करोड़ रुपये था। वहीं, मार्च तिमाही के दौरान का ऑपरेशनल रेवेन्यू 17.6 प्रतिशत बढ़कर 814.6 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 692.8 करोड़ रुपये था। यह बढ़ोतरी वीजा एवं कांसुलर सेवाओं और डिजिटल सर्विसेज कारोबार में लगातार बढ़ोतरी के चलते हुई। नतीजों के बाद बुधवार के कारोबार में बीएलएस इंटरनेशनल का शेयर 2.5 फीसदी उछलकर बंद हुआ।
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि पूरे वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में कंपनी का PAT 34.1 प्रतिशत बढ़कर 723.8 करोड़ रुपये हो गया, जबकि FY25 में यह 539.6 करोड़ रुपये था। वहीं FY26 में ऑपरेशन से रेवेन्यू 36.7 प्रतिशत बढ़कर 2,998.2 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो FY25 में 2,193.3 करोड़ रुपये था।
कंपनी का कहना है कि FY26 में बीएलएस इंटरनेशनल ने सभी फाइनेंशियल पैरामीटर्स पर बेहतर परफॉर्म किया है। कंपनी का राजस्व 36.7 प्रतिशत बढ़ा, जिसका कारण विभिन्न सेवा क्षेत्रों में लगातार मजबूत वृद्धि रही। इसके अलावा कामकाजी मुनाफे (EBITDA) में 30.1 प्रतिशत और PAT में 34.1 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई।
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजों के बाद BLS इंटरनेशनल के स्टॉक में बुधवार को तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर कारोबार के आखिर में बीएसई पर 2.56 फीसदी 268.60 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई (421.9) से करीब 38 फीसदी डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है।
बीते एक साल में यह शेयर करीब 32 फीसदी टूट चुका है। इस साल अबतक शेयर ने 17 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 11,059 करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज किया गया।