शेयर बाजार में इस हफ्ते निवेशकों के लिए केवल डिविडेंड ही नहीं, बल्कि ‘राइट इश्यू’ के जरिए भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के बड़े मौके आने वाले हैं। अगर आप स्टॉक मार्केट में एक्टिव हैं, तो आपने गौर किया होगा कि कंपनियां समय-समय पर फंड जुटाने के लिए राइट इश्यू का सहारा लेती हैं। अगले हफ्ते यानी 28 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच चार अलग-अलग कंपनियां अपना राइट इश्यू लेकर आ रही हैं।
राइट इश्यू दरअसल कंपनी द्वारा अपने मौजूदा शेयरधारकों को दिया गया एक खास अधिकार है, जिसके तहत वे बाजार भाव से कम कीमत पर कंपनी के अतिरिक्त शेयर खरीद सकते हैं। इससे निवेशकों को सस्ती कीमत पर अपनी होल्डिंग बढ़ाने का मौका मिलता है। अगले हफ्ते इंद्रायणी बायोटेक, इनोवासिंथ टेक्नोलॉजीज, शक्ति प्रेस और तिरुपति इनोवर के राइट इश्यू पर बाजार की नजर रहेगी। आइए जानते हैं इन चारों कंपनियों के राइट इश्यू की पूरी डिटेल।
हफ्ते के बीच में यानी 28 अप्रैल को इंद्रायणी बायोटेक का राइट इश्यू चर्चा में रहेगा। कंपनी ने करीब 49.90 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए शेयर की कीमत 15 रुपये प्रति शेयर (10 रुपये फेस वैल्यू + 5 रुपये प्रीमियम) तय की गई है। कंपनी ने 5:7 का राइट्स रेशियो रखा है, यानी आपके पास मौजूद हर 7 शेयर पर आप 5 नए शेयर खरीद सकेंगे। इस इश्यू के लिए एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट 28 अप्रैल 2026 है।
इसके अगले ही दिन यानी 29 अप्रैल को दो कंपनियों के राइट इश्यू कतार में हैं। पहली कंपनी है इनोवासिंथ टेक्नोलॉजीज, जो 40 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर राइट इश्यू ला रही है। कंपनी का राइट्स रेशियो 3:13 तय किया गया है, यानी हर 13 शेयरों पर 3 नए शेयर मिलेंगे। इसी दिन शक्ति प्रेस का भी राइट इश्यू है। शक्ति प्रेस ने 20 रुपये प्रति शेयर की कीमत तय की है और इसका रेशियो 7:1 है। यानी कंपनी अपने मौजूदा निवेशकों को हर 1 शेयर पर 7 नए शेयर खरीदने का मौका दे रही है। इन दोनों ही कंपनियों के लिए रिकॉर्ड डेट 29 अप्रैल 2026 रखी गई है।
Also Read: Dividend Stocks: अगले हफ्ते ये 7 कंपनियां देंगी डिविडेंड, हिंदुस्तान जिंक और ABB इंडिया भी लिस्ट में
हफ्ते के अंत में 30 अप्रैल को तिरुपति इनोवर का राइट इश्यू आएगा। कंपनी ने इसके लिए 10 रुपये प्रति शेयर की कीमत तय की है। इसका राइट्स रेशियो 19:10 है, जिसका मतलब है कि निवेशकों को उनके हर 10 शेयरों के बदले 19 नए शेयर अलॉट किए जाएंगे। इसकी रिकॉर्ड डेट 30 अप्रैल 2026 है।
नीचे दी गई टेबल में इन चारों राइट इश्यू की पूरी जानकारी दी गई है:
|
कंपनी का नाम |
सिक्योरिटी कोड | एक्स-डेट | रिकॉर्ड डेट | इश्यू प्राइस (प्रति शेयर) | राइट्स रेशियो |
| Indrayani Biotech | 526445 | 28-Apr-26 | 28-Apr-26 | ₹15.00 | 5 : 7 |
| Innovassynth Tech | 533315 | 29-Apr-26 | 29-Apr-26 | ₹40.00 | 3 : 13 |
| Shakti Press | 526841 | 29-Apr-26 | 29-Apr-26 | ₹20.00 | 7 : 1 |
| Tirupati Innovar | 539040 | 30-Apr-26 | 30-Apr-26 | ₹10.00 | 19 : 10 |
मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेशकों को यह समझना चाहिए कि राइट इश्यू में हिस्सा लेना जरूरी नहीं होता। यह पूरी तरह आपकी मर्जी पर निर्भर है कि आप अतिरिक्त शेयर खरीदना चाहते हैं या नहीं। अगर आप रिकॉर्ड डेट तक शेयर अपने पास रखते हैं, तभी आप इस ऑफर के लिए ‘एलिजिबल’ माने जाएंगे। रिकॉर्ड डेट के बाद आप तय समय सीमा के भीतर नेट बैंकिंग (ASBA) के जरिए इन शेयरों के लिए अप्लाई कर सकते हैं। चूंकि इस समय बाजार में काफी उतार-चढ़ाव है, इसलिए निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल्स और राइट इश्यू के उद्देश्य को समझना समझदारी भरा कदम होगा।