वित्त वर्ष 2026 की मार्च तिमाही में ग्रो ने शानदार नतीजे पेश किए। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर दोगुना हो गया। लेकिन ऊंचे मूल्यांकन की वजह से ब्रोकर इस शेयर में अल्पावधि तेजी को लेकर बंटे हुए नजर आ रहे हैं। विश्लेषक लंबी अवधि की वृद्धि को लेकर सकारात्मक बने हुए हैं।
सिटी : रेटिंग – खरीदें
कीमत लक्ष्य : 230 रुपये
सिटी ने कहा कि चौथी तिमाही में कंपनी के प्रदर्शन पर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच ट्रेडिंग वॉल्यूम में आई तेजी का असर देखा गया। उसने एमटीएफ में इजाफे, नई योजनाओं की पेशकश और योजना-आधारित वृद्धि को आगामी मुख्य कारकों के तौर पर बताया।
यूबीएस : रेटिंग – तटस्थ
कीमत लक्ष्य : 210 रुपये
यूबीएस का मानना है कि परिचालन दक्षता और बाजार भागीदारी में बढ़ोतरी से आय को मदद मिली और साथ ही विस्तार के बावजूद मार्जिन मजबूत बना रहा। यूबीएस को मजबूत उपयोगकर्ता जुड़ाव और संपत्ति प्रबंधन में उछाल को देखते हुए इस शेयर में तेजी की उम्मीद दिख रही है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल सर्विसेज : रेटिंग – खरीदें
कीमत लक्ष्य : 235 रुपये
मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल सर्विसेज ने कहा कि ग्रो के राजस्व में जबरदस्त बढ़ोतरी की वजह उपयोगकर्ताओं का बढ़ता जुड़ाव और एक्टिवेशन है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि एमटीएफ और कमोडिटी जैसे उत्पादों की मदद से कंपनी की बाजार भागीदारी बढ़ती रहेगी। मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल सर्विसेज ने कहा कि अमीर ग्राहकों की बढ़ती तादाद से संपत्ति प्रबंधन के नए अवसर खुल रहे हैं और फिस्डम के अधिग्रहण से इसे और भी ज्यादा मदद मिली है।
जेएम फाइनैंशियल : रेटिंग – बेचें
कीमत लक्ष्य : 150 रुपये
जेएम फाइनैंशियल ने बताया कि ग्रो को आगे चलकर एएमसी और संपत्ति प्रबंधन व्यवसाय में बढ़ती लागत का सामना करना पड़ सकता है, साथ ही मार्केटिंग खर्च भी तेजी से बढ़ सकता है।