Defence Stock: डिफेंस सेक्टर की कंपनी डीसीएस सिस्टम्स लिमिटेड (DCX Systems) के शेयर सोमवार (23 मार्च) को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट के बीच इंट्रा-डे ट्रेड में 12 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। कंपनी को हवाई उपयोग के लिए समुद्री निगरानी रडार सिस्टम बनाने और सप्लाई करने का 564 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इसके चलते कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली। दोपहर 12 बजे कंपनी के शेयर बीएसई पर 18.75 रुपये या 11.48 फीसदी की बढ़त लेकर 182.05 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे थे।
वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के अंत में कंपनी का कुल ऑर्डर बुक 2,582 करोड़ रुपये थी। डीसीएक्स सिस्टम्स रडार सिस्टम, सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, मिसाइल और संचार प्रणालियों में सिस्टम इंटीग्रेशन का काम करती है। इतना ही नहीं कंपनी केबल और वायर हार्नेस असेंबली भी बनाती है।
कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से निर्यात पर आधारित है। इसमें बड़ी हिस्सेदारी वैश्विक मूल उपकरण निर्माताओं से आती है। खासकर एल्टा, आईएआई जैसी इजराइल कंपनियों और अमेरिका तथा यूरोप के ग्राहकों से भी।
वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की आय में 24% की गिरावट आई। जबकि मुनाफे का मार्जिन 6-7% से घटकर लगभग शून्य के करीब आ गया। तीसरी तिमाही में आय करीब 40% गिर गई और कंपनी ने पहली तिमाही 2025-26 को छोड़कर लगातार सात तिमाहियों में आय में गिरावट दर्ज की है। कंपनी अभी भी घाटे में चल रही है। हालांकि कंपनी का ऑर्डर बुक मजबूत है। यह वित्त वर्ष 2024-25 में सालाना आधार पर 3.5 गुना बढ़ी। लेकिन काम को समय पर पूरा करने को लेकर चिंता बनी हुई है।
डीसीएस सिस्टम्स का शेयर पिछले छह महीनों में लगभग 32 प्रतिशत गिरा है और नवंबर 2022 में लिस्टेड होने के बाद से करीब 42 फीसदी नीचे है। एक साल में शेयर में 26 प्रतिशत और दो साल में 36 प्रतिशत की गिरावट आई है। स्टॉक का 52 वीक हाई 363.80 रुपये और 52 वीक लो 153.55 रुपये है।