Muthoot Finance Dividend: एनबीएफसी सेक्टर और प्रमुख गोल्ड लोन कंपनी मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance Ltd) अपने निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा देने जा रही है। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 30 रुपये का अंतरिम डिविडेंड का एलान किया है। यानी शेयरधारकों को हर शेयर पर 30 रुपये मिलेंगे। इससे पहले कंपनी ने 2025 में 26 रुपये का डिविडेंड दिया था और इस कॉरपोरेट एक्शन की एक्स-डेट 25 अप्रैल 2025 थी। वहीं 2024 में कंपनी ने 24 रुपये का अंतरिम डिविडेंड दिया था।
इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट और एक्स-डेट 17 अप्रैल 2026 तय की गई है। इसका मतलब है कि इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, वे इस डिविडेंड के एलिजिबल होंगे। कंपनी ने कहा है कि डिविडेंड की राशि एलिजिबल निवेशकों के बैंक खातों में 30 दिनों के भीतर सीधे जमा कर दी जाएगी।
मुथूट फाइनेंस के शेयर सोमवार को दोपहर 2 बजे मामूली गिरावट के साथ 3568.60 रुपये पर लगभग सपाट कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी सत्र में यह 3,572.55 रुपये पर बंद हुए थे, जो पिछले बंद स्तर से 2.81 प्रतिशत या 97.60 रुपये की ज्यादा था। शेयर ने 10 साल में 1896 प्रतिशत और 5 साल में 189 प्रतिशत का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। हालांकि, चालू वर्ष में अब तक यह 6.92 प्रतिशत गिरा है, जबकि बेंचमार्क इंडेक्स में 8.97 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है।
डिविडेंड का फायदा उठाने के लिए निवेशकों को एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट के बीच का फर्क समझना जरूरी है। एक्स-डेट वह तारीख होती है, जिसके बाद शेयर खरीदने वाले निवेशकों को डिविडेंड का लाभ नहीं मिलता। यानी अगर किसी निवेशक को डिविडेंड चाहिए, तो उसे एक्स-डेट से पहले शेयर खरीदना होगा और रिकॉर्ड डेट तक उसे होल्ड करना होगा। रिकॉर्ड डेट पर कंपनी अपने शेयरधारकों की लिस्ट तैयार करती है।
मार्केट के जानकार कहते हैं कि सिर्फ डिविडेंड के चक्कर में पैसा लगाना समझदारी नहीं होती। निवेश करते समय कंपनी का काम कैसा चल रहा है, उसकी ग्रोथ कैसी है और आगे का प्लान क्या है, ये सब देखना भी जरूरी है। हां, डिविडेंड देने वाली कंपनियां उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन होती हैं, जो रेगुलर इनकम चाहते हैं। ऐसे में आने वाला हफ्ता उन निवेशकों के लिए खास हो सकता है, जो डिविडेंड के हिसाब से अपनी स्ट्रैटेजी बनाते हैं।