Energy Stock: मजबूत ऑर्डर बुक और दमदार पाइपलाइन के साथ HVDC (हाई वोल्टेज डायरेक्ट करंट) प्रोजेक्ट्स से लंबी ग्रोथ की उम्मीद के दम पर हिताची एनर्जी इंडिया (Hitachi Energy India) ब्रोकरेज फर्म की रडार पर आया है। ब्रोकरेज हाउस IDBI कैपिटल का कहना है कि हिताची एनर्जी को पावर ट्रांसमिशन सेक्टर में उभरती बड़ी थीम का मजबूत खिलाड़ी माना जा रहा है। फिलहाल यह शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई पर ट्रेड कर रहा है। ब्रोकरेज का कहना है कि वैल्यूएशन हाई है लेकिन सेक्टर की मजबूत संभावनाएं, सीमित प्रतिस्पर्धा और लंबी ग्रोथ रनवे के चलते यह निवेश के लिए आकर्षक नजर आ रहा है।
ब्रोकरेज हाउस IDBI कैपिटल ने हिताची एनर्जी पर BUY रेटिंग के साथ कवरेज की शुरुआत की की है। टारगेट प्राइस ₹35,001 प्रति शेयर रखा है। यह FY28 के अनुमानित मुनाफे के 75 गुना वैल्यूएशन पर आधारित है। शुक्रवार (24 अप्रैल) को शेयर ₹32,204 पर बंद हुआ था। इस तरह शेयर 8-10 फीसदी का अपसाइड दिखा सकता है। इंट्रा-डे में स्टॉक ने 32,300 रुपये पर 52 हफ्ते का हाई बनाया।
बीते 3 महीने का चार्ट देखें, तो शेयर ने निवेशकों का पैसा करीब डलब किया है। 3 महीने का हिताची एनर्जी में रिटर्न 95 फीसदी से ज्यादा रहा है। जबकि बीते 1 महीने में यह स्टॉक 28 फीसदी से ज्यादा उछल चुका है। BSE पर कंपनी का मार्केट कैप 1.43 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी पावर ट्रांसमिशन और HVDC जैसे उभरते सेक्टर में मजबूत पकड़ के चलते आने वाले वर्षों में तेज ग्रोथ दिखा सकती है। लंबी अवधि के नजरिए से यह स्टॉक एक मजबूत थीमैटिक निवेश के रूप में उभर सकता है। खासकर ऐसे समय में जब देश में रिन्यूएबल एनर्जी और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस बढ़ रहा है।
आईडीबीआई कैपिटल का कहना है कि हिताची एनर्जी के पास HVDC प्रोजेक्ट्स के एग्जीक्यूशन में लीडरशिप और तकनीकी विशेषज्ञता है। बेस बिजनेस में मजबूत मांग और ग्रोथ के अवसरा हैं। HVDC प्रोजेक्ट्स की मजबूत पाइपलाइन है। कंपनी को यूटिलिटी, डेटा सेंटर, रिन्यूएबल एनर्जी और रेलवे जैसे सेक्टर्स से मजबूत मांग मिल रही है। हाल ही में दो बड़े HVDC प्रोजेक्ट हासिल किए हैं। इनमें खावड़ा-नागपुर (6GW) और भाड़ला-फतेहपुर (6GW) शामिल हैं। ये दोनों प्रोजेक्ट FY25 और FY26 में मिले हैं और FY27 से इनमें से रेवेन्यू बढ़ने की उम्मीद है।
HVDC टेक्नोलॉजी को भविष्य के लिए एक मजबूत ग्रोथ थीम माना जा रहा है, क्योंकि इसे पूरा करने वाली कंपनियां बहुत कम हैं और इसमें उच्च तकनीकी विशेषज्ञता की जरूरत होती है। ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी को हाल के HVDC प्रोजेक्ट्स के चलते ₹20,000 करोड़ से ज्यादा के ऑर्डर मिले हैं। आने वाले 2-3 साल में भारत में करीब ₹1 लाख करोड़ की HVDC पाइपलाइन सामने आ सकती है। कंपनी को FY27 और FY28 में कंपनी को कम से कम एक-एक नया HVDC ऑर्डर मिल सकता है। मीडियम टर्म में ऑर्डर फ्लो मजबूत बना रहेगा और इससे ग्रोथ की लंबी संभावना है।
डिस्क्लेमर: यहां शेयर में खरीदारी की सलाह ब्रोकरेज ने दी है। ये बिजनेस स्टैंडर्ड हिंदी के विचार नहीं हैं। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।