HCLTech Q4FY26 results: देश की तीसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी, एचसीएल टेक ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q4FY26 में कंपनी का मुनाफा (नेट प्रॉफिट) 4.20 फीसदी बढ़कर 4,488 करोड़ रुपये हो गया। यह बढ़ोतरी उसकी AI-आधारित सेवाओं के मजबूत प्रदर्शन के कारण हुई। एक साल पहले की समान अवधि यानी Q4FY25 में कंपनी ने 4,307 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। इसके साथ ही, कंपनी ने शेयरहोल्डर्स को 24 रुपये के डिविडेंड का तोहफा भी दिया।
शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि उसका ऑपरेशंस से रेवेन्यू वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 12.34 फीसदी बढ़कर 33,981 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 30,246 करोड़ रुपये था। तिमाही (QoQ) आधार पर, HCLTech का मुनाफा 10.10 फीसदी और रेवेन्यू 0.32 फीसदी बढ़ा।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में HCLTech का नेट प्रॉफिट 16,642 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 के 17,390 करोड़ रुपये की तुलना में 4.30 फीसदी कम है। वहीं, रेवेन्यू 11.18 फीसदी बढ़कर 130,144 करोड़ रुपये हो गया।
Also Read: ICICI Prudential AMC समेत 3 संस्थाओं ने वेंचर कैपिटल विवाद सुलझाया, SEBI को ₹14.35 लाख चुकाए
कंपनी ने 2 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रति शेयर पर 24 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। कंपनी के अनुसार, इस अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के लिए रिकॉर्ड डेट 25 अप्रैल 2026 होगी और इसका भुगतान 5 मई 2026 को किया जाएगा।
HCLTech के सीईओ और एमडी सी. विजयकुमार ने कहा कि इस साल मांग का माहौल अनिश्चित रहा। उन्होंने बताया कि इस तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा। इसका कारण यह था कि बिजनेस के कुछ हिस्सों में कमजोरी दिखी। इसके अलावा, ग्राहकों ने कम वैकल्पिक खर्च किया और फैसले लेने में देरी की।
उन्होंने कहा, “हमारी नई AI-आधारित सेवा पेशकशों को बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। यह हमारी एडवांस्ड AI से होने वाली वार्षिक आय में भी दिखता है, जो Q4 में 620 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक हो गई है। वित्त वर्ष 2027 में हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कंपनी सही स्थिति में हो, ताकि वह AI के अवसरों का पूरा फायदा उठा सके और लंबे समय तक मूल्य निर्माण कर सके।”
Also Read: 100% एथनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य: गडकरी बोले- एनर्जी सेक्टर में आत्मनिर्भर बनना जरूरी
HCLTech ने FY27 के लिए अपनी ग्रोथ का अनुमान घटा दिया है। अब कंपनी को उम्मीद है कि (स्थिर मुद्रा में) रेवेन्यू 1% से 4% तक बढ़ेगा। FY26 में यह अनुमान 4% से 4.5% था।
HCLTech के शेयर मंगलवार को BSE पर 0.92 फीसदी बढ़कर 1,441.55 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुए।