देश की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी हीरो मोटोकॉर्प का शेयर गुरुवार को 3.33 फीसदी उछलकर 5,341 रुपये पर बंद हुआ। शेयर में इजाफा कंपनी की चौथी तिमाही के मजबूत नतीजों और इस साल बिक्री के मोर्चे पर उम्दा प्रदर्शन व बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी की उम्मीदों से हुआ।
ज्यादातर ब्रोकरेज फर्म आने वाले समय में कई नए लॉन्च और आकर्षक मूल्यांकन को देखते हुए शेयर पर सकारात्मक हैं, लेकिन वे कंपनी और इस सेक्टर पर कमोडिटी की महंगाई के असर को देखते हुए सावधानी की सलाह भी दे रही हैं। मौजूदा कीमत पर यह शेयर वित्त वर्ष 27 की अनुमानित कमाई के 18 गुना पर कारोबार कर रहा है और शेयर में आगे बढ़त ग्रामीण बाजार की मांग में तेजी, मार्जिन बनाए रखने की क्षमता और बेहतर अमल पर निर्भर करेगी।
मार्च तिमाही में कंपनी के राजस्व में सालाना आधार पर 28.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसकी मुख्य वजह बिक्री में 24.2 फीसदी और बिक्री से मिलने वाली शुद्ध रकम में 3.7 फीसदी की वृद्धि रही। कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 27 में देसी दोपहिया उद्योग में एक अंक में बढ़ोतरी होगी, जिसमें स्कूटर सेगमेंट प्रतिस्पर्धी मोटरसाइकिल सेगमेंट से कुछ फीसदी ज्यादा तेजी से बढ़ेगा। प्रबंधन को उम्मीद है कि इन दोनों सेगमेंट में उसकी बिक्री पूरे सेक्टर के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेगी।
मोतीलाल ओसवाल रिसर्च के अनिकेत म्हात्रे की अगुआई वाले विश्लेषकों का मानना है कि हीरो मोटोकॉर्प को ग्रामीण इलाकों में धीरे-धीरे बढ़ रही मांग से फायदा होगा। इकनॉमी और एग्जिक्यूटिव सेगमेंट में यह ब्रांड काफी मजबूत है। उनका कहना है कि स्कूटर-दोनों तरह के यानी इंटरनल कंबस्टन इंजन और इलेक्ट्रिक व्हीकल वेरिएंट और निर्यात में अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर कंपनी का ध्यान, वॉल्यूम वृद्धि में मददगार होगा। उन्हें उम्मीद है कि नए लॉन्च और निर्यात में बढ़ोतरी (वित्त वर्ष 26 में 41 फीसदी की बढ़त) की वजह से कंपनी वित्त वर्ष 26-28 के दौरान सालाना 8 फीसदी की वॉल्यूम वृद्धि हासिल करेगी। उन्होंने इस शेयर को खरीद की रेटिंग दी है और इसकी लक्षित कीमत 6,248 रुपये तय की है।
बिक्री में बढ़ोतरी के बावजूद सकल मार्जिन 300 आधार अंक गिरकर 31.5 फीसदी रह गया, जो अनुमान से कम था। जहां एक ओर दोपहिया वाहन बनाने वाली इस बड़ी कंपनी का परिचालन लाभ सालाना आधार पर 31.1 फीसदी बढ़ा, वहीं परिचालन स्तर पर मार्जिन में मामूली बढ़ोतरी हुई और यह 30 आधार अंक बढ़कर 14.5 फीसदी हो गया।
हालांकि एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने इस शेयर को खरीद रेटिंग दी है, लेकिन उनका मानना है कि कंपनी को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ब्रोकरेज के हितेश ठकुरानी और शुभांगी केजरीवाल का कहना है कि वे अभी भी सतर्क हैं, क्योंकि खराब मॉनसून, कीमतों में भारी बढ़ोतरी और महंगाई की आशंका है, जिससे मांग कम हो सकती है। वे कहते हैं कि जहां प्रबंधन ने मध्यम अवधि के लिए 14-16 फीसदी के परिचालन लाभ मार्जिन के अपने अनुमान पर कायम रहने की बात कही, वहीं उसने वित्त वर्ष 27 के लिए कम से कम 14 फीसदी मार्जिन की भी कोई गारंटी नहीं दी।
कुछ ब्रोकरेज का मानना है कि मार्जिन पर दबाव या कीमतों में बढ़ोतरी का असर हीरो मोटोकॉर्प पर अन्य दोपहिया वाहन बनाने वाली बड़ी कंपनियों की तुलना में ज्यादा पड़ सकता है।
नोमूरा रिसर्च इस शेयर को लेकर तटस्थ है। उसका मानना है कि अगर युद्ध लंबा खिंचता है तो हीरो मोटोकॉर्प पर अपने प्रतिस्पर्धियों की तुलना में ज्यादा असर पड़ सकता है। इसलिए कि 100 सीसी सेगमेंट में इसके ग्राहक कीमतों को लेकर काफी संवेदनशील होते हैं। ब्रोकरेज ने अपने टारगेट मल्टीपल को पहले के 17 गुना से घटाकर वित्त वर्ष 28 की कमाई का 15 गुना कर दिया है। पश्चिम एशिया युद्ध से जुड़े जोखिमों और ईंधन की कीमतों, महंगाई और कमोडिटीज पर पड़ने वाले असर को ध्यान में रखकर ऐसा किया गया है।
एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग ने इन्हीं चिंताओं को देखते हुए इस शेयर में बने रहने की सलाह दी है। ब्रोकरेज फर्म के श्रीधर कल्लानी और राहुल देशमुख का मानना है कि ग्रामीण इलाकों में सुधार और नए लॉन्च की लगातार तैयारी की वजह से निकट भविष्य में मांग मजबूत बनी रहेगी। लेकिन कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (एबीएस) नियमों का लागू होना, और दो हेलमेट नीति के कारण वाहनों की कीमतें बढ़ सकती हैं, खासकर एंट्री-लेवल सेगमेंट में। इससे परिचालन लाभ मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है, जिससे जीएसटी में किए गए सुधारों से मिलने वाले फायदे कुछ हद तक कम हो सकते हैं।