ICICI Bank share: प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज बैंक आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सोमवार को बाजार खुलते ही 2 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए। बैंक के शेयरों में यह एक्शन तिमाही नतीजों के चलते देखने को मिला। बैंक ने शनिवार को वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही की कमाई के आंकड़े पेश किये थे। स्टैंडअलोन आधार पर बैंक का मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 8.5 प्रतिशत बढ़कर 13,701.68 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में बैंक का मुनाफा 12,629.58 करोड़ रुपये था।
नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसेस ने आईसीआईसीआई बैंक स्टॉक (ICICI Bank Share) पर अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है। उनका कहना है कि प्रबंधन ने पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण जारी सप्लाई चेन बाधाओं के बावजूद लोन पोर्टफोलियो को लेकर कोई चिंता नहीं जताई है।
नुवामा ने आईसीआईसीआई बैंक पर ‘BUY’ की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1,670 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर पिछले बंद भाव से 24 फीसदी का रिटर्न दे सकता है। बैंक के शेयर शुक्रवार को 1,348 रुपये पर बंद हुए थे।
ब्रोकरेज के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक का शुद्ध मुनाफा अनुमान से बेहतर रहा। इसकी वजह कम स्लिपेज, मजबूत रिकवरी और लिखे गए कर्ज से ज्यादा राइट-बैक के चलते प्रावधान में बड़ी कमी रही।
ब्रोकरेज ने कहा कि बैंक ने 1.06 अरब रुपये का ट्रेडिंग घाटा दर्ज किया, जिस पर आरबीआई के विदेशी मुद्रा पोजीशन लिमिट, कम एफएक्स वॉल्यूम और स्प्रेड का असर पड़ा। एनआईएम में तिमाही आधार पर 2 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ। एसेट क्वालिटी में उल्लेखनीय सुधार देखा गया, जिसमें सकल एनपीए अनुपात तिमाही आधार पर 13 बेसिस पॉइंट घटा। ऋण और जमा वृद्धि दोनों ही स्वस्थ बनी हुई हैं।
मोतीलाल ओसवाल ने ICICI Bank Share पर ‘BUY’ की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1,750 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर पिछले बंद भाव से 30 प्रतिशत का रिटर्न दे सकता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि बैंक ने एक मजबूत तिमाही प्रदर्शन दर्ज किया, जिसमें प्रोविजन लगभग नगण्य रहे और एनआईएम मजबूत बना रहा। हालांकि ट्रेजरी में हल्के नुकसान के कारण अन्य आय अनुमान से कम रही। एनआईएम में तिमाही आधार पर 2 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ और बैंक को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 में एनआईएम लगभग स्थिर बना रहेगा, जबकि फंड की लागत का रिवैल्यूएशन अभी पूरी तरह प्रभाव में नहीं आया है।
यह पढ़ें: HDFC Bank Share: नतीजों में बाद शेयर में गिरावट, लेकिन ब्रोकरेज पॉजिटिव; जाने लें टारगेट प्राइस
एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग ने भी आईसीआईसीआई बैंक पर खरीदारी की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1,622 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है। यह शेयर के पिछले बंद भाव से 20 फीसदी ज्यादा है।
ब्रोकरेज ने अपने नोट में कहा कि पिछली दो तिमाहियों में ग्रोथ ट्रेंड में सुधार के बाद हम बैंक की आय संभावनाओं को लेकर सकारात्मक बने हुए हैं। हमें उम्मीद है कि अगले दो वर्षों में बैंक की आय में करीब 14 प्रतिशत की सालाना चक्रवृद्धि वृद्धि दर (CAGR) देखने को मिलेगी। जबकि वित्त वर्ष 2027-28 के दौरान औसत आरओए 2.3 प्रतिशत और आरओई 16 प्रतिशत रहने की संभावना है।
स्टैंडअलोन आधार पर ICICI Bank का मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 8.5 प्रतिशत बढ़कर 13,701.68 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में बैंक का मुनाफा 12,629.58 करोड़ रुपये था।
एसेट क्वालिटी इस तिमाही में मजबूत बनी रही। मार्च 2026 के अंत तक बैंक का ग्रॉस NPA रेशियो 1.40 प्रतिशत रहा, जो दिसंबर 2025 के 1.53 प्रतिशत और मार्च 2025 के 1.67 प्रतिशत के मुकाबले बेहतर है। वहीं नेट NPA रेशियो भी घटकर 0.33 प्रतिशत पर आ गया, जबकि पिछले साल मार्च में यह 0.39 प्रतिशत था। इस तिमाही में बैंक के नए ग्रॉस NPA (यानी नए फंसे हुए लोन) 4,242 करोड़ रुपये रहे, जो सालाना आधार पर कम हैं।
बैंक ने इस तिमाही में 126 नए ब्रांच जोड़े और पूरे वित्त वर्ष में 528 ब्रांच का विस्तार किया। इसके साथ ही बैंक का कुल ब्रांच नेटवर्क 7,511 और ओऊश व कैश रिसाइक्लिंग मशीनों की संख्या 12,087 हो गई है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)