Insurance Stock: आईसीआईसीआई ग्रुप की जनरल इंश्योरेंस कंपनी आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस के शेयर गुरुवार (16 अप्रैल) को शुरूआती कारोबार में 3 फीसदी के करीब चढ़ गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी एक दिन पहले जारी किए गए तिमाही नतीजों के चलते देखने को मिली। हालांकि, कंपनी ने 31 मार्च को समाप्त तिमाही में उम्मीद से कमजोर वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया। आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध मुनाफे में 7.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की और यह 547 करोड़ रुपये रहा।
इस बीच, ज्यादातर ब्रोकरेज बीमा कंपनी को लेकर सकारात्मक बने हुए हैं और उन्होंने शेयर पर 2,350 रुपये तक के टारगेट प्राइस दिए हैं, जो मौजूदा स्तर से 26 प्रतिशत से अधिक की संभावित बढ़त का संकेत देता है।
नुवामा ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी पर ‘BUY’ रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 2,350 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर मौजूदा भाव से 26 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दे सकता है। कंपनी के शेयर बुधवार को 1859.25 रुपये पर बंद हुए।
ब्रोकरेज ने कहा कि आईसीआईसीआई लोम्बार्ड की चौथी तिमाही में वृद्धि सालाना आधार पर 18.2 प्रतिशत रही, जिसका मुख्य कारण रिटेल हेल्थ सेगमेंट में मजबूत बढ़त (65 प्रतिशत सालाना) रहा। कंपनी का संयुक्त अनुपात (सीओआर) सालाना आधार पर 129 बेसिस प्वाइंट घटकर 101.2 प्रतिशत रहा, जिसमें मोटर सेगमेंट में लॉस रेशियो 390 बेसिस प्वाइंट और हेल्थ सेगमेंट में 70 बेसिस प्वाइंट की सुधार देखा गया।
मोतीलाल ओसवाल ने आईसीआईसीआई लोम्बारड पर अपनी खरीदारी की सलाह को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 2,230 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर निवेशकों को करीब 20 फीसदी का रिटर्न दे सकता है।
ब्रोकरेज ने कहा कि आईसीआईसीआई लोम्बार्ड वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में उद्योग से बेहतर वृद्धि दर्ज की, जिसका मुख्य कारण मोटर इंश्योरेंस में सुधार (जीएसटी कटौती के चलते) और रिटेल हेल्थ सेगमेंट में मजबूत बाजार हिस्सेदारी हासिल करना रहा, जिसे जीएसटी छूट से अतिरिक्त बढ़ावा मिला।
ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी का रिटेल हेल्थ सेगमेंट लगातार मजबूत बना हुआ है और नए ग्राहकों को जोड़ने, मजबूत वितरण नेटवर्क और ‘एलीवेट’ उत्पाद की अच्छी मांग के चलते बाजार हिस्सेदारी बढ़ा रहा है। मोटर ओन-डैमेज सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा अभी भी तेज बनी हुई है, लेकिन नए वाहनों की बिक्री बढ़ने से कंपनी को इसमें सुधार देखने को मिला है। वहीं, कमर्शियल लाइंस सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन कंपनी इस क्षेत्र में लाभकारी कारोबार हासिल करने के लिए अच्छी स्थिति में है।
इसके अलावा मैक्वेरी ने नतीजों के बाद इस शेयर पर ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 2,350 रुपये प्रति शेयर पर कायम रखा है। वहीं एचएसबीसी ने भी नतीजों के बाद आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के शेयर पर ‘खरीदें’ की सलाह दी है और स्टॉक पर 2,200 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी के ताजा नतीजों में प्रीमियम वृद्धि मजबूत रही, जबकि संयुक्त अनुपात में सुधार सकारात्मक रहा, हालांकि निवेश आय पर कुछ दबाव देखने को मिला।
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध मुनाफे में 7.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है, जो 547 करोड़ रुपये रहा। इस तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 6,619 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 5,851 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10.5 प्रतिशत बढ़कर 2,772 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा, कंपनी ने प्रति शेयर 7 रुपये के अंतिम डिविडेंड की घोषणा की है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)