LIC Share Price: सरकारी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयर बुधवार (8 अप्रैल) को शुरूआती कारोबार के दौरान 6 प्रतिशत से अधिक चढ़ गए। कंपनी के शेयरों में तेजी पहली बार बोनस शेयर जारी करने की योजना के ऐलान के चलते देखने को मिली। एलआईसी का शेयर पिछले बंद भाव 743.20 रुपये के मुकाबले तेज बढ़त के साथ 780 रुपये पर खुला और 789.65 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया। सुबह 11:10 बजे एलआईसी के शेयर 7.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 801 रुपये पर पर कारोबार कर रहे थे।
एलआईसी (LIC) ने मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद नियामकीय फाइलिंग में कहा कि उसके निदेशक मंडल की बैठक 13 अप्रैल को होगी, जिसमें बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार और मंजूरी दी जाएगी।
फाइलिंग में कहा गया, ”भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के निदेशक मंडल की बैठक सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसमें अन्य बातों के साथ लागू प्रावधानों के अनुसार बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार और सिफारिश की जाएगी। यह प्रस्ताव निगम के शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा।”
एलआईसी का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में मुनाफा 17 प्रतिशत बढ़कर 12,958 करोड़ रुपये रहा। एलआईसी ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 11,056 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। इस तिमाही के दौरान बीमा कंपनी की शुद्ध प्रीमियम आय बढ़कर 1,25,613 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में 1,06,891 करोड़ रुपये थी।
कुल आय भी दिसंबर तिमाही में बढ़कर 2,33,984 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,01,994 करोड़ रुपये थी। एलआईसी का नए कारोबार से प्रीमियम चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 10,605 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 7,285 करोड़ रुपये था।